राजस्थान में गलनभरी सर्दी का दौर शुरू, माउंट आबू में 3 डिग्री के करीब पहुंचा पारा

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में गलनभरी सर्दी का दौर शुरू, माउंट आबू में 3 डिग्री के करीब पहुंचा पारा


राजस्थान में गलनभरी सर्दी का दौर शुरू, माउंट आबू में 3 डिग्री के करीब पहुंचा पारा


जयपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में सर्दी ने अब जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। उत्तरी हवाओं के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में रात का तापमान लगातार गिर रहा है। पर्वतीय पर्यटन स्टेशन माउंट आबू में रविवार रात पारा करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज सर्दी के कारण यहां रात में ओस की बूंदें जमने लगी हैं, जबकि सुबह और शाम के समय गलन वाली सर्दी का असर साफ महसूस किया जा रहा है। सोमवार सुबह माउंट आबू के कई इलाकों में घना कोहरा भी छाया रहा।

प्रदेश के शेखावाटी क्षेत्र में भी सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। सीकर में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री, फतेहपुर में 8.1 डिग्री और नागौर में 8.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इन इलाकों में लगातार कई दिनों से रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। इससे रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है और सुबह लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है।

रविवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में आसमान साफ रहा। सुबह और शाम ठंडी हवा चलने के साथ दिन में भी सर्द हवाओं का असर महसूस हुआ।

उत्तर-पश्चिमी जिलों में ठंडी हवाओं का प्रभाव अधिक रहा, जिसके कारण फलोदी, बीकानेर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर, बाड़मेर और पाली सहित कई शहरों में दिन के अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री तक गिरावट आ गई। बाड़मेर को छोड़कर प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

रात के तापमान की बात करें तो उदयपुर में 9.7 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया। वहीं पाली, भीलवाड़ा, अजमेर, अलवर, चित्तौड़गढ़, चूरू, पिलानी और सिरोही में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। इन शहरों में भी रात के समय गलनभरी सर्दी का असर दिखाई देने लगा है।

माउंट आबू में हालांकि बीते दो दिनों की तुलना में न्यूनतम तापमान में करीब तीन डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन पारा अब भी जमाव बिंदु से केवल करीब तीन डिग्री ऊपर है। सोमवार सुबह ठंडी हवाओं के कारण यहां ठिठुरन बनी रही और कई इलाकों में कोहरे की चादर दिखाई दी।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। आसमान साफ रहने और उत्तरी ठंडी हवाओं के चलते रात के तापमान में मामूली गिरावट जारी रह सकती है। अजमेर, जयपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में आने वाले दिनों में रात की सर्दी और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में प्रदेश में सर्दी के और तीखे तेवर देखने को मिल सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781644 Articles

Share this story