फर्जी वोटिंग के आरोप पर भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में धक्कामुक्की, भाजपा कार्यकर्ता घायल
उदयपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। उदयपुर नगर निगम वार्ड-29 में शुक्रवार को मतदान के दौरान फर्जी वोटिंग के आरोप को लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। अग्रसेन नगर स्थित मतदान केंद्र पर दोनों पक्षों के बीच बहसबाजी के बाद धक्कामुक्की हुई। इस दौरान एक कांग्रेस प्रत्याशी समर्थक का टीशर्ट फट गया, जबकि भाजपा कार्यकर्ता गौरव अग्रवाल के आंख के ऊपर चोट लग गई, जिससे खून निकल आया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने सूरजपोल थाने पहुंचकर शिकायत दी।
कांग्रेस प्रत्याशी नीना अग्रवाल ने आरोप लगाया कि मतदान केंद्र पर भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से फर्जी वोटिंग कराई जा रही थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक संदिग्ध वोटर को लेकर आपत्ति जताई, जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं से बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला धक्कामुक्की तक पहुंच गया। वहीं भाजपा कार्यकर्ता गौरव अग्रवाल ने सूरजपोल थाने पहुंचकर मामले में रिपोर्ट दर्ज करवाई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि मतदान केंद्र के पास गली में निर्माण कार्य चल रहा है और एक मकान के बाहर बल्लियां लगी हुई थीं। बहसबाजी के दौरान गौरव अग्रवाल उन्हीं बल्लियों से टकरा गए, जिससे उनके सिर में चोट लगी।
घटना की सूचना मिलने पर भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ भी मौके पर पहुंचे। वहीं, देहात कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा भी अग्रसेन नगर बूथ पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। मीणा ने आरोप लगाया कि भाजपा बोर्ड बनाने के लिए फर्जी वोटिंग जैसे हथकंडे अपना रही है और गुंडागर्दी पर उतर आई है। घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से सूरजपोल थाने में शिकायत दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

