तालकटोरा में मिला आठवीं की छात्रा का शव: कम अंक आने से परेशान थी किशोरी

WhatsApp Channel Join Now
तालकटोरा में मिला आठवीं की छात्रा का शव: कम अंक आने से परेशान थी किशोरी


जयपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। माणक चौक थाना इलाके में बुधवार सुबह तालकटोरा में 14 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने करीब 20 मिनट तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव बाहर निकाला। पुलिस ने शव को सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

माणक चौक थानाधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे स्थानीय लोगों ने तालकटोरा में शव दिखाई देने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी थी। इस पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर शव बाहर निकाला। तालकटोरा की सीढ़ियों पर किशोरी की चप्पल और जैकेट भी मिली थी। पुलिस ने सामान के आधार पर परिजनों को मौके पर बुलाया, जहां उन्होंने शव की पहचान की।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि किशोरी आठवीं कक्षा में पढ़ती थी और कक्षा परीक्षा में कम अंक आने के कारण पिछले कुछ दिनों से परेशान थी। मंगलवार रात उसने मां से बातचीत की और इसके बाद सोने चली गई थी। सुबह करीब चार बजे मां की नींद खुली तो किशोरी कमरे में नहीं मिली। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को उसके लापता होने की सूचना भी दी। इसी दौरान तालकटोरा में शव मिलने की जानकारी मिली।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में परीक्षा में कम अंक आने को लेकर उसकी परेशानी की बात सामने आई है। मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story