पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव

WhatsApp Channel Join Now
पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव


जयपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। करधनी थाना इलाके में गुरुवार सुबह नीम के पेड़ पर फंदे से एक युवक का शव लटका मिला। रावण गेट स्थित एक फार्म हाउस की दीवार के पास युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची करधनी थाना पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (एफएसएल) टीम की मदद से मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 9:10 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को रावण गेट के पास पेड़ पर फंदे से शव लटका होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो लोगों की भीड़ जमा थी। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर मृतक की पहचान के प्रयास किए, लेकिन पहचान नहीं हो सकी।

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष है। उसने काली शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी। पहचान नहीं होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया। पुलिस ने मृतक की पहचान और उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार युवक ने संभवत: एक दिन पहले रस्सी का फंदा लगाकर जान दी थी। हालांकि आत्महत्या के कारणों का पता मृतक की पहचान और परिजनों के सामने आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story