पुष्कर सरोवर में युवक-युवती के तैरते मिले शव

WhatsApp Channel Join Now
पुष्कर सरोवर में युवक-युवती के तैरते मिले शव


अजमेर, 12 जून(हि.स.)। तीर्थनगरी पुष्कर में शुक्रवार अलसुबह उस समय सनसनी फैल गई जब पवित्र सरोवर के वल्लभ घाट क्षेत्र में एक युवक और युवती के शव पानी की सतह पर तैरते हुए दिखाई दिए। सूचना मिलते ही घाटों पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस मौके पर पहुंची।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान राज (लगभग 30 वर्ष) तथा युवती की पहचान मोनिका (लगभग 25 वर्ष) के रूप में बताई जा रही है। दोनों अजमेर निवासी बताए जा रहे हैं। सुबह करीब 6 बजे सरोवर में शव दिखाई देने के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पुष्कर थाना प्रभारी विक्रम सिंह राठौड़ स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को सरोवर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग प्रेम प्रसंग और जहर सेवन की आशंका भी जता रहे हैं, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और दोनों मृतकों के परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है। तीर्थनगरी में हुई इस घटना से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में गहरा शोक और चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story