कुंभलगढ़ में किराए के मकान में पति-पत्नी के शव मिले, जहर सेवन की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
कुंभलगढ़ में किराए के मकान में पति-पत्नी के शव मिले, जहर सेवन की आशंका


राजसमंद, 27 मई (हि.स.)। राजसमंद जिले के कुंभलगढ़ क्षेत्र में बुधवार को एक किराये के मकान में पति-पत्नी के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया दोनों की मौत जहर सेवन से होना सामने आ रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

केलवाड़ा थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा के अनुसार मृतकों की पहचान परावल निवासी कुलदीप सिंह चुंड़ावत (50) और उनकी पत्नी रेखा कुंवर (45) के रूप में हुई है। सूचना बुधवार सुबह करीब 11:15 बजे पुलिस को मिली। दोनों पिछले करीब पांच वर्षों से कुंभलगढ़ में रह रहे थे तथा पिछले दो वर्षों से उक्त मकान में किराये पर निवास कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार कुलदीप सिंह का शव मकान के बाहर रखी चारपाई पर मिला, जबकि रेखा कुंवर का शव कमरे के अंदर बेड पर पड़ा था। मकान की ऊपरी मंजिल पर रहने वाले मकान मालिक पदम सिंह ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे रेखा कुंवर को उल्टियां हो रही थीं। उन्होंने सामान्य तबीयत खराब होने की बात समझकर ध्यान नहीं दिया और अपने कमरे में सोने चले गए।

बुधवार सुबह नीचे वाले हिस्से में कोई गतिविधि नजर नहीं आने पर वे नीचे आए। स्थिति संदिग्ध लगने पर पड़ोसी आरेट गांव निवासी राजू सिंह को बुलाया गया। मौके पर पहुंचने पर कुलदीप मृत अवस्था में मिला। इसके बाद रेखा को आवाज लगाई गई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर कमरे में जाकर देखा तो वह भी बेहोश अवस्था में पलंग पर पड़ी मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने दोनों शवों को केलवाड़ा स्थित हीरालाल देवपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

मकान मालिक के अनुसार दम्पती के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं था। कुलदीप स्थानीय होटल में शेफ के रूप में कार्यरत था। दम्पती के दो बेटे हैं, जिनमें एक नाथद्वारा में अपने अंकल तथा दूसरा मेवाड़िया में नाना के साथ रह रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story