बीएमपीएस 2026 ग्रैंड फिनाले में डिवाइन गेमिंग का दबदबा

WhatsApp Channel Join Now
बीएमपीएस 2026 ग्रैंड फिनाले में डिवाइन गेमिंग का दबदबा


जयपुर, 20 जून (हि.स.)। सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया प्रो सीरीज(बीएमपीएस) 2026 ग्रैंड फिनाले के पहले दिन डिवाइन गेमिंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंकतालिका में पहला स्थान हासिल किया। टीम ने छह मैचों में दो चिकन डिनर, 54 फिनिश पॉइंट और 31 प्लेसमेंट पॉइंट के साथ कुल 85 अंक जुटाए। टीम की सफलता में राजस्थान के खिलाड़ी रघुराज सिंह ‘स्लग’ सोनिग्रा की अहम भूमिका रही।

क्राफ्टन इंडिया के एसोसिएट डायरेक्टर (ई-स्पोर्ट्स) करण महेश पाठक ने बताया कि 53 अंकों के साथ नेबुला ईस्पोर्ट्स दूसरे और 52 अंकों के साथ जेनेसिस ईस्पोर्ट्स तीसरे स्थान पर रही। आईक्यू रेवनेंट एक्सस्पार्क ने दो चिकन डिनर जीतकर 47 अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया। वहीं आईक्यू 8बिट और आईक्यू रेकनिंग ईस्पोर्ट्स क्रमश: 40 और 39 अंकों के साथ पांचवें और छठे स्थान पर रहीं।

पहले दिन का सबसे बड़ा उलटफेर गॉडलाइक ईस्पोर्ट्स और आईक्यू सोल के प्रदर्शन को लेकर रहा। खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही गॉडलाइक ईस्पोर्ट्स महज 20 अंकों के साथ अंतिम स्थान पर रही, जबकि आईक्यू सोल केवल 25 अंकों के साथ 12वें स्थान पर रही।

गौरतलब है कि बीएमपीएस 2026 राजस्थान में आयोजित पहली बड़ी राष्ट्रीय ई-स्पोर्ट्स लैन चैंपियनशिप है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story