पंचायती राज में भाजपा की जीत से खुलेगी ग्रामीण विकास की राह: मदन राठौड़

WhatsApp Channel Join Now
पंचायती राज में भाजपा की जीत से खुलेगी ग्रामीण विकास की राह: मदन राठौड़


जयपुर, 20 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर ग्रामीण जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित गांव ही विकसित राजस्थान और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। भाजपा सरकार का लक्ष्य है कि गांवों में रहने वाले प्रत्येक परिवार तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे और ग्रामीण नागरिकों को बेहतर सुविधाओं के लिए शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।

राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत 2047 का संकल्प ग्राम विकास के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि ग्राम के विकास के बिना भारत का विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज में भाजपा के कार्यकर्ताओं का निर्वाचन ना केवल ग्रामीण विकास को गति देगा, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को भी साकार करेगा। इसलिए भाजपा ने ग्राम संकल्प पत्र जारी कर अपनी मंशा और प्रतिबद्धता जाहिर की है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा के लिए गांव, गरीब सदैव महत्वपूर्ण रहे है। अंत्योदय का विचार गांव और गरीब को संबल बनाने की दिशा में काम करता है। ग्रामोत्थान ही राष्ट्रोत्थान का मार्ग प्रशस्त करता है। इसलिए गांवों में ईमानदार और विचार के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं का चुनाव जीतना जरूरी है ताकि जनता के लिए बन रही कल्याणकारी योजनाओं का शतप्रतिशत क्रियान्वयन हो सके और कांग्रेस द्वारा विकसित की गई कट—कमीशन की संस्कृति को समाप्त किया जा सकें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों की समृद्धि, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गांवों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ कृषि, पशुपालन, ग्रामीण उद्योग और स्वरोजगार को प्रोत्साहन देना आवश्यक है, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हो और स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर सृजित हों। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाना और विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान की वास्तविक प्रगति तभी सुनिश्चित होगी, जब गांवों का विकास प्राथमिकता के आधार पर होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, सिंचाई, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किसानों, मजदूरों तथा ग्रामीण युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनहित को केंद्र में रखकर ग्रामीण विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीण जनता के सामूहिक प्रयासों से गांव आत्मनिर्भर बनेंगे और राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764071 Articles

Share this story