गांवों को शहरों जैसी सुविधाओं से विकसित करना भाजपा का संकल्प : मदन राठौड़

WhatsApp Channel Join Now
गांवों को शहरों जैसी सुविधाओं से विकसित करना भाजपा का संकल्प : मदन राठौड़


जयपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य गांवों को केवल विकास योजनाओं का लाभ देना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, सुविधा संपन्न और विकसित बनाना है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए स्पष्ट विजन के साथ काम कर रही है। पार्टी ने ग्रामीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए ग्राम विकास संकल्प पत्र जारी किया है। इसके तहत गांवों को शहरों की तर्ज पर विकसित कर 'शहर ग्राम' की अवधारणा को साकार करने का लक्ष्य रखा गया है।

राठौड़ ने बताया कि संकल्प के अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में पांच वर्षों के दौरान औसतन पांच करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए जाएंगे। ग्रामीण परिवारों को मालिकाना हक देने के लिए 25 लाख आवासीय पट्टे वितरित करने, 9 हजार करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 19 हजार किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कें बनाने तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तीन हजार किलोमीटर से अधिक नई सड़कें विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और राजस्थान देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बनाए। किसान, युवा, महिला और गरीब के उत्थान को केंद्र में रखकर किए जा रहे प्रयास विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

राठौड़ ने कहा कि सरकार केवल राजधानी जयपुर ही नहीं, बल्कि प्रदेश के दूरदराज के क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने की योजनाओं पर काम कर रही है। इसमें बीकानेर और जैसलमेर में सौर ऊर्जा परियोजनाएं, बांसवाड़ा में जनजातीय क्षेत्र के लिए औद्योगिक नगरी का विकास तथा सीकर, चूरू और श्रीगंगानगर सहित उत्तरी राजस्थान के जिलों में सिंचाई एवं पेयजल सुविधाओं को मजबूत करना शामिल है।

उन्होंने कहा कि ईआरसीपी और यमुना जल समझौते राजस्थान के लिए जीवनदायिनी साबित होंगे। राठौड़ के अनुसार पंचायतीराज व्यवस्था लोकतंत्र की सबसे मजबूत आधारशिला है। पंचायतें सशक्त होंगी तो गांवों का विकास तेजी से होगा। भाजपा सरकार पंचायतों को मजबूत बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story