महिला आरक्षण पर भाजपा का प्रदर्शन ‘फ्लॉप शो’: खाचरियावास
जयपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने महिला आरक्षण को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जयपुर में आयोजित कार्यक्रम पूरी तरह फ्लॉप शो साबित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेगा और आंगनबाड़ी की महिलाओं को सरकारी दबाव में जुटाया गया और इसे जनसमर्थन का रूप देने का प्रयास किया गया।
खाचरियावास ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी की मौजूदगी के बावजूद यह आयोजन प्रभावी नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण के मुद्दे पर केवल दिखावा कर रही है और वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में महिला आरक्षण बिल कांग्रेस के समर्थन से पारित हो चुका है और उसी आधार पर महिलाओं को आरक्षण दिया जा सकता है। उनके अनुसार, केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर भाजपा की सरकार होने के बावजूद इस कानून को लागू नहीं किया जा रहा है।
खाचरियावास ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए भाजपा इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से महिला आरक्षण कानून को तत्काल प्रभाव से लागू करने की मांग की।
उन्होंने यह भी कहा कि देश की जनता अब इस तरह के राजनीतिक कार्यक्रमों को समझ चुकी है और महिला आरक्षण जैसे गंभीर विषय पर केवल बयानबाजी से काम नहीं चलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

