भाजपा का 47वां स्थापना दिवस: राजस्थान में उत्साह, सेवा और संकल्प का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा का 47वां स्थापना दिवस: राजस्थान में उत्साह, सेवा और संकल्प का संदेश


भाजपा का 47वां स्थापना दिवस: राजस्थान में उत्साह, सेवा और संकल्प का संदेश


जयपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को अपना 47वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया। राजधानी जयपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ नेता, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने निजी आवास ‘बालाजी टॉवर’ पर भी परिवार के साथ ध्वजारोहण कर ‘सेवा ही संकल्प’ का संदेश दिया। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा आज कार्यकर्ताओं के समर्पण और संगठनात्मक निष्ठा के कारण विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुकी है। उन्होंने ‘अंत्योदय हमारा प्रण, राष्ट्र प्रथम हमारा संकल्प’ के सिद्धांत को दोहराते हुए विकास के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि-भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी का ध्वज फहराया। यह गौरवशाली अवसर राष्ट्रसेवा, सुशासन एवं अंत्योदय के संकल्पों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करने का प्रतीक है। 47 वर्ष पूर्व प्रारंभ हुई इस यात्रा में कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, अनुशासन एवं सांगठनिक निष्ठा ने ही भाजपा को आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनाया है।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, पार्टी पदाधिकारियों एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं के साथ ध्वजारोहण कार्यक्रम में सम्मिलित होकर संगठन की मजबूती का संकल्प लिया। भाजपा के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी स्थापना दिवस पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय और विजयाराजे सिंधिया जैसे महापुरुषों को नमन करते हुए कहा कि उनकी विचारधारा और बलिदान भाजपा की मजबूत नींव हैं। साथ ही अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी की विरासत को संगठन की प्रेरणा बताया।

ध्वजारोहण कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का हर कदम समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के उद्देश्य से उठता है। उन्होंने ‘लक्ष्य अंत्योदय, पथ अंत्योदय’ के मंत्र के साथ सभी कार्यकर्ताओं को जनसेवा में समर्पित रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा मुख्यालय में ‘मिशन 2026-28’ की झलक भी देखने को मिली। कार्यकर्ताओं में जोश और ऊर्जा नजर आई, जिससे यह संकेत मिला कि पार्टी आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पूरी तैयारी में जुटी है।

राजधानी जयपुर के साथ-साथ प्रदेश के सभी जिलों, मंडलों और बूथ स्तर तक स्थापना दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं ने ‘कमल संदेश’ के माध्यम से घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story