राजस्थान में भाजपा आ रही और कांग्रेस का जहाज डूब रहा : शेखावत

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान में भाजपा आ रही और कांग्रेस का जहाज डूब रहा : शेखावत


जयपुर, 8 नवंबर (हि.स.)। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि भाजपा के तहसील कार्यालय और जिला कार्यालय से लेकर प्रदेश कार्यालय तक नित्य प्रतिदिन हजारों लोग भाजपा के परिवार को ज्वाइन कर रहे हैं। यह इस बात का द्योतक है कि भाजपा आ रही है और कांग्रेस का जहाज डूब रहा है।

बुधवार को भाजपा के मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत में शेखावत ने कहा कि इस डूबते जहाज को छोड़कर कांग्रेस के कई बड़े नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। सांगानेर से विष्णु लाटा हमारे अपने थे, फिर से उनकी घर वापस हुई है। सुनीता भाटी पश्चिमी राजस्थान में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता है। इससे भाजपा में उत्साह का वातावरण है। आज सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए हैं। यह तय है कि भाजपा आएगी, कांग्रेस जाएगी।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महिलाओं पर दिए गए बयान पर माफी मांगने के सवाल पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि अब अनर्गल बयान देने वालों के माफी मांगने का सिलसिला शुरू हो गया है। कांग्रेस की गारंटी यात्रा मेें मंदिर और देवरे ढोकने के सवाल पर शेखावत ने कहा कि जिन लोगों ने मंदिर तोड़े, शिवालय तोड़े। धर्म के नाम पर तुष्टिकरण किया, वे अब कमीज के ऊपर जनेऊ पहनकर अपने आप को धार्मिक बताने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता सब समझती है।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को पूर्व महापौर विष्णु लाटा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सदस्य सुनीता भाटी, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेश पांडे, राजस्थान नाथ समाज के ईश्वर योगी, सेवानिवृत्ति प्रशासनिक अधिकारी महेश नारायण शर्मा, जयपुर नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष रामनिवास जोनवाल, जनरल सेक्रेटरी कांग्रेस कमेटी की सदस्य अनीता शर्मा, शिवांश लाटा और मनीष शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नारायण पंचारिया और सांगानेर से भाजपा प्रत्याशी भजनलाल शर्मा ने इन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई।

हिन्दुस्थान समाचार/ ईश्वर/संदीप

Share this story