विपक्ष गैस और पेट्रोल को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाकर कर रहा है केवल नाटकबाजी:मदन राठौड़

WhatsApp Channel Join Now
विपक्ष गैस और पेट्रोल को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाकर कर रहा है केवल नाटकबाजी:मदन राठौड़


जयपुर, 19 मई (हि.स.)। विपक्ष के बेबुनियादी आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि अशोक गहलोत तीन बार राजस्थान के मुख्यमंत्री रहे। लेकिन वे जोधपुर सहित प्रदेश में स्थायी जल व्यवस्था तक सुनिश्चित नहीं कर पाए। यह सोचने का विषय है कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद उन्होंने समुचित व्यवस्थाएं विकसित नहीं कीं। वर्तमान भाजपा सरकार जल संकट के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है।

राठौड़ ने कहा कि जोधपुर में पानी की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है, हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ समस्याएं सामने आई हैं। राज्य सरकार घर-घर जल पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। भाखड़ा बांध से क्लोजर आने के कारण कुछ समय के लिए परेशानी उत्पन्न हुई थी, लेकिन अब धीरे-धीरे व्यवस्थाएं सामान्य हो रही हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को भाजपा कार्यालय का घेराव करने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए। जिन घटनाओं को लेकर वे आरोप लगा रहे हैं, उनका भाजपा से कोई संबंध नहीं है। यह सब कांग्रेस से जुड़े लोगों का ही किया हुआ कारनामा है। इसमें भाजपा का कोई दोष नहीं है। गैस—तेल संकट पर राठौड़ ने कहा कि विपक्ष केवल राजनीति करने की कोशिश कर रहा है। इस प्रकार की हल्के स्तर की राजनीति करना उचित नहीं है। विपक्ष अच्छी तरह जानता है कि वर्तमान में गल्फ देशों में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और वहां युद्ध जैसे हालात हैं। उत्पादन केंद्रों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देशहित में प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रही है। हार्मुज मार्ग से आज भी भारतीय पोत सुरक्षित आ-जा रहे हैं और आवश्यक आपूर्ति बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार लगातार सक्रिय है। विपक्ष को बेवजह भ्रम फैलाने के बजाय सरकार के प्रयासों की सराहना करनी चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष गैस और पेट्रोल को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाकर केवल नाटकबाजी कर रहा है। प्रधानमंत्री ने केवल मितव्ययिता अपनाने और अनावश्यक खर्च से बचने की सलाह दी है। परिवार का मुखिया भी यही कहता है कि आवश्यक कार्य करें और अनावश्यक खर्च कम करें। वाहन शेयर करने जैसी अपील समाज हित और राष्ट्रहित में है, इसमें कुछ भी गलत नहीं है।

इससे पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने विशेष परिस्थिति में होने के बावजूद भाजपा कार्यकर्ता रेना द्वारा पक्षियों के लिए परिंडा लगाने के जज्बे की सराहना की। राठौड़ ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि भीषण गर्मी को देखते हुए हमें पशु—पक्षियों के लिए दाना—पानी की व्यवस्था जरूर करनी चाहिए। हर व्यक्ति को परिंडा लगाने के साथ ही उसमें पानी की व्यवस्था जरूर करनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story