जनादेश का सम्मान करना लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी: मदन राठौड़
जयपुर, 05 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर उठाए गए सवालों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र अपनी पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए विश्वभर में जाना जाता है और इस पर सवाल उठाना लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास है।
राठौड़ ने मंगलवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि देश में चुनाव पूरी तरह संवैधानिक ढांचे के तहत निष्पक्ष रूप से संपन्न होते हैं। भाजपा ने हमेशा सेवा, समर्पण और संघर्ष के बल पर जनता का विश्वास अर्जित किया है और हर परिस्थिति में जनादेश का सम्मान किया है, जबकि कुछ विपक्षी दल अपनी हार स्वीकार करने के बजाय जनादेश पर ही प्रश्नचिह्न लगा रहे हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें बदले की राजनीति से ऊपर उठकर विकास की राजनीति करनी चाहिए। राठौड़ ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में पूर्व में राजनीतिक हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं और कानून-व्यवस्था चिंता का विषय रही, लेकिन इसके बावजूद प्रधानमंत्री ने सभी पक्षों से संयम बरतने और विकास के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
प्रदेशाध्यक्ष ने विपक्ष की दोहरी नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि केरल और तमिलनाडु में जीत पर गर्व जताने वाले विपक्षी दल पश्चिम बंगाल में हार के बाद निर्वाचन आयोग पर निराधार आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र और संवैधानिक संस्था है, जिसकी निष्पक्षता पर संदेह करना उचित नहीं है। राठौड़ ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करें और जनादेश को स्वीकार कर सकारात्मक राजनीति करें।
इस दौरान उन्होंने आरजीएचएस योजना को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजना को बंद करना नहीं, बल्कि इसे अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर योजना के दुरुपयोग की शिकायतें मिली थीं, जिनकी जांच के दौरान संबंधित सेवाओं को अस्थायी रूप से रोका गया है। जहां कोई गड़बड़ी नहीं मिलेगी, वहां सेवाएं पुनः शुरू की जाएंगी और अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

