कांग्रेस नेता ‘जलेबी रेस’ में व्यस्त : मदन राठौड़

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस नेता ‘जलेबी रेस’ में व्यस्त : मदन राठौड़


जयपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने विपक्षी नेताओं पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आपसी प्रतिस्पर्धा में उलझे हुए हैं और जनहित के मुद्दों से भटक गए हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधते हुए कहा कि ये सभी “जलेबी रेस” में दौड़ रहे हैं।

राठौड़ ने कहा कि अशोक गहलोत तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं, लेकिन वर्तमान में उनके पास कोई ठोस कार्य नहीं है, इसलिए वे सोशल मीडिया पर सक्रिय रहकर बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता हर मुद्दे में राजनीतिक लाभ तलाशते हैं, जबकि उन्हें जनहित के कार्यों पर ध्यान देना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने शुक्रवार काे पत्रकाराें से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास अब ठोस मुद्दों का अभाव है, इसलिए वह अनुमति लेकर आयोजित सामाजिक कार्यक्रमों का भी विरोध कर रही है। उन्होंने गोविंद सिंह डोटासरा पर सुर्खियों में बने रहने के लिए अनावश्यक बयानबाजी करने का आरोप लगाया और इसे अमर्यादित व्यवहार बताया। महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर राठौड़ ने कहा कि सकारात्मक सामाजिक कार्यक्रमों को भी राजनीतिक रंग देना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि एनएसयूआई द्वारा भ्रामक प्रचार कर कार्यक्रमों को विवादित बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ गई है और इसी कारण बयानबाजी तेज हो गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता संगठन को मजबूत करने के बजाय केवल बयान, ट्वीट और सोशल मीडिया तक सीमित हो गए हैं। महिला आरक्षण विधेयक पर राठौड़ ने कहा कि यह संसद में सर्वसम्मति से पारित हो चुका है, जिसमें कांग्रेस भी शामिल थी। ऐसे में अब इस पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस से स्पष्ट करने को कहा कि वह महिलाओं के सशक्तिकरण के पक्ष में है या नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को मजबूत करने के पक्ष में है और एक सशक्त विपक्ष आवश्यक है, लेकिन इसके लिए कांग्रेस को परिवारवाद से ऊपर उठकर कार्य करना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story