पंचायती राज-निकाय चुनाव में हर बूथ पर जीत की रणनीति बनाएगी भाजपा
उदयपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। भाजपा के उदयपुर संभाग चुनाव प्रभारी एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने पदाधिकारियों और अभियान संयोजकों को चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि हर बूथ पर विजय की ठोस रणनीति बनाकर कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान में उतारना होगा। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
पंचायती राज एवं नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा देहात जिला की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को बलीचा स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने की। कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
राठौड़ ने कहा कि चुनाव में जमीनी स्तर पर सक्रिय और संगठन के लिए निष्ठा से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को अवसर दिया जाएगा। उन्होंने पारदर्शिता और सामूहिकता के साथ चुनावी निर्णय लेने के लिए प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर कोर टीम गठित करने के निर्देश दिए। इन टीमों में चुनावी रणनीति बनाने में सक्षम वरिष्ठ एवं प्रभावी कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाएगा।
बैठक में संत रविदासजी के 650वें जयंती वर्ष के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों और तिरंगा यात्रा की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। राठौड़ ने कहा कि संत रविदास सामाजिक समरसता और समानता के प्रणेता थे। उनके विचारों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने के साथ सेवा, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा 2014 से दलित और पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि मंडल से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर जनसंपर्क और माइक्रो मैनेजमेंट के जरिए हर बूथ पर जीत सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने कहा कि पार्टी ‘हर कार्यकर्ता के लिए काम और हर काम के लिए कार्यकर्ता’ के मूलमंत्र के साथ विजय अभियान को आगे बढ़ाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

