''नहीं सहेगा राजस्थान'' कैंपेन के तहत प्रदेश के 32 जिलों में भाजपा की प्रेसवार्ता आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
''नहीं सहेगा राजस्थान'' कैंपेन के तहत प्रदेश के 32 जिलों में भाजपा की प्रेसवार्ता आयोजित


जयपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। गहलोत सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भाजपा द्वारा प्रदेश में चलाई जा रही ‘‘नहीं सहेगा राजस्थान’’ कैंपेन के तहत सोमवार को प्रदेश के 32 जिलों में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान पेपर लीक से युवा परेशान, भ्रष्टाचार खुलेआम, दलित अत्याचार खुलेआम, बहन बेटियों पर अत्याचार, कर्ज से मरता किसान और अपराध बेलगाम जैसे तमाम मुद्दों पर वक्ताओं ने प्रेसवार्ता को संबोधित किया।

प्रेसवार्ता के दौरान सभी वक्ताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि प्रदेश में दुष्कर्म और महिला उत्पीडन की घटनाएं रोज घट रही है। इन घटनाओं को रोकने के लिए सरकार ने ठोस कदम क्यों नहीं उठाए। सरकार के सर्विलांस सिस्टम क्या हुआ। प्रदेश के जोधपुर में पुलिस चौकी से सौ मीटर दूर बलात्कार की घटना पुलिस गश्त की पोल खोलती है। जहां एक नाबालिग प्रेमी जोड़ा सड़क पर घूम रहा था और बदमाशों ने नाबालिग के मि़त्र को बंधक बनाकर उसी के सामने नाबालिग से गैंगरेप किया। पेपरलीक प्रकरण में निष्पक्ष जांच एंव गोपाल केसावत को एसीबी ट्रैप करने का मामला भी उठाया।

आगामी विधानसभा चुनावों में युवा, महिला और किसान विरोधी सरकार को जनता सत्ता से उखाड फेकेंगी। गहलोत सरकार अत्याचार करने वाली सरकार है, ये घर को लूटने वाली सरकार है। राजस्थान सरकार अपने हर वादे में फेल हुई है। सरकार पर जनता का विश्वास खत्म हो चुका है।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस सरकार में साढे चार साल तक कुर्सी के लिए लडाई चली है। सरकार चलाने के बजाय कांग्रेस के नेताओं का मंत्रिमंडल पर झगड़ा चलता रहा। दो नेताओं के झगड़े का शिकार प्रदेश की जनता हुई है। कांग्रेस सरकार ने किसानों से कर्जमाफी के नाम पर वादाखिलाफी की है। प्रदेश में कर्ज नहीं चुका पाने के चलते 19 हजार से अधिक किसानों की जमीन नीलाम हुई है। कांग्रेस सरकार अपने कार्यकाल में प्रशासन, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, मुक्त शासन, युवाओं को रोजगार, महिला सुरक्षा, किसान सम्मान, दलित-आदिवासियों का स्वाभिमान, हिंदूओं की आस्था का सम्मान में पूरी तरह से फेल साबित हुई है।

प्रदेश में सोमवार इन स्थानों पर हुई प्रेसवार्ता, इन नेताओं ने किया संबोधित:-

बाड़मेर कैलाश चौधरी, टोंक में भाजपा राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर, धौलपुर मनोज राजौरिया एंव जवाहर सिह बेड़म, भरतपुर में प्रदेश महामंत्री भजन लाल शर्मा एंव प्रदेश मंत्री भानुप्रताप सिंह, करौली में प्रदेश उपाध्यक्ष जितेन्द्र गोठवाल, डूंगरपुर में सांसद कनकमल कटारा, गंगानगर में निहालचंद मेघवाल, राजसमंद में चुन्नीलाल गरासिया, अजमेर में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी, उदयपुर में अर्जुनलाल मीणा, पाली में सांसद पीपी चौधरी, बीकानेर में केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, जैसलमेर में राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, सवाई माधोपुर में सांसद सुखबीर जौनापुरिया, कोटा में प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाघीच, बूंदी में प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभूलाल सैनी, चित्तौड़गढ़ में हीरालाल नागर, झुंझुनू में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, सीकर में उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनियां, अलवर में प्रदेश उपाध्यक्ष श्रवण सिंह बगडी, चूरू में प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष अहलावत ने प्रेसवार्ता को संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ईश्वर/संदीप

Share this story