भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने निकाय चुनाव की सफलता पर दी बधाई, पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान
जयपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को जयपुर में जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। उन्होंने निकाय चुनाव में पार्टी की सफलता पर बधाई देते हुए आगामी पंचायतराज चुनावों के लिए ठोस रणनीति, आपसी समन्वय और सामूहिक प्रयास के साथ जुटने का आह्वान किया।
नवीन ने कहा कि ‘नेशन फर्स्ट, पार्टी नेक्स्ट, सेल्फ लास्ट’ की भावना को आत्मसात करते हुए जनसेवा के संकल्प को साकार करना पार्टी के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में मिली सफलता प्रदेश नेतृत्व, संगठन और कार्यकर्ताओं के परिश्रम तथा रणनीति का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव को आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव मानते हुए आगे बढ़ना होगा। सफलता के साथ आत्मचिंतन और समीक्षा भी जरूरी है। उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निकाय चुनाव में सफलता प्राप्त करने वाले कार्यकर्ताओं को पंचायत चुनाव में सक्रिय रूप से लगाने का सुझाव दिया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच जाकर उनकी अपेक्षाओं और मांगों को समझना चाहिए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में जनभागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी का संगठन मजबूत करने के लिए प्रत्येक पंचायत समिति, जिला परिषद और बूथ की राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों का आकलन करने पर जोर दिया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के आगामी दिनों का अधिकतम उपयोग करते हुए पंचायत चुनाव की तैयारियों को गति देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए राजस्थान में विकास की गति को निरंतर बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत चुनावों के लिए अभी से पूरी ताकत और मेहनत के साथ जुटने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं और राज्य सरकार ने विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों को विकास कार्यों के लिए बजट उपलब्ध कराया है। पंचायत चुनावों के मद्देनजर विकास रथों के माध्यम से सरकार के कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की पुस्तिका भी तैयार कर उपलब्ध कराई गई है।
प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने निकाय चुनाव में पार्टी की सफलता के लिए जनप्रतिनिधियों और चुनाव संचालन समिति के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता संगठन की मेहनत, समन्वित रणनीति और कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम है। निकाय चुनाव में बेहतर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों की रणनीति का अध्ययन कर उसे पंचायत चुनाव में उपयोग किया जाना चाहिए।
राठौड़ ने कहा कि आगामी पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों के लिए कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरें। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति निष्ठा, अनुशासन और सामूहिक निर्णय संगठन की सफलता के आधार हैं।
बैठक में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा, प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, सहप्रभारी कविता पाटीदार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे, राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी और डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार सहित वरिष्ठ पदाधिकारी, मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

