भाजपा ने पंचायत चुनाव की तैयारियों पर की संगठनात्मक बैठक

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने पंचायत चुनाव की तैयारियों पर की संगठनात्मक बैठक


जयपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर भाजपा की संगठनात्मक बैठक रविवार को प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की अध्यक्षता में हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े। बैठक में संगठन महामंत्री अजेय कुमार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, डॉ. अरुण चतुर्वेदी, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, वरिष्ठ नेता ओंकार सिंह लखावत, सीआर चौधरी सहित प्रदेश पदाधिकारी और सभी संभाग प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक के बाद मदन राठौड़ ने कहा कि हालिया निकाय चुनाव में जनता ने भाजपा को समर्थन दिया है और पंचायत चुनाव में भी पार्टी को बहुमत मिलने की उम्मीद है। मेयर चुनाव में कांग्रेस के क्रॉस वोटिंग के दावों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने संगठन पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा बहुमत के साथ मेयर बनाएगी।

भाजपा चुनाव प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने कहा कि हालिया चुनावों में जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की नीतियों के प्रति समर्थन जताया है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में पार्टी सभी 41 जिला परिषदों में बहुमत हासिल करने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने बताया कि टिकट वितरण के दौरान नाराज होकर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले कई कार्यकर्ता अब पार्टी में लौट चुके हैं।

यूजीसी से जुड़े विषय पर द्विवेदी ने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है और सुप्रीम कोर्ट के आगामी आदेश के अनुरूप आगे विचार किया जाएगा। चुनाव पर इसके प्रभाव के संबंध में उन्होंने कहा कि उनके पास कोई आंकड़ा नहीं है, लेकिन सभी वर्गों का भाजपा को समर्थन मिला है।

वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में पहली बार 309 निकायों में एक साथ चुनाव हुए। पार्टी ने प्रदेश स्तर पर संकल्प पत्र जारी कर उसे प्रत्येक निकाय तक पहुंचाया। उन्होंने 30 से अधिक निकायों में भाजपा प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन का उल्लेख किया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव में घोषणा पत्र जारी नहीं किया और जिला स्तर पर प्रभावी संगठनात्मक बैठकें भी नहीं कीं।

राजेंद्र राठौड़ ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव परिणाम का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। बैठक में पंचायत चुनावों की संगठनात्मक तैयारियों, रणनीति और आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। हालिया निकाय चुनाव में 309 शहरी निकायों के परिणामों में भाजपा सबसे अधिक वार्ड जीतने वाली पार्टी रही, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी भी बड़ी संख्या में निर्वाचित हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story