प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी से भड़की भाजपा: जयपुर में खड़गे का पुतला फूंका

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी से भड़की भाजपा: जयपुर में खड़गे का पुतला फूंका


प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी से भड़की भाजपा: जयपुर में खड़गे का पुतला फूंका


प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी से भड़की भाजपा: जयपुर में खड़गे का पुतला फूंका


प्रधानमंत्री मोदी पर टिप्पणी से भड़की भाजपा: जयपुर में खड़गे का पुतला फूंका


जयपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी के विरोध में सोमवार को जयपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश मुख्यालय से चौमूं हाउस सर्किल तक निकले प्रदर्शन में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और खड़गे का पुतला फूंका। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष से बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय की ओर रवाना हुए। पुलिस ने चौमूं हाउस सर्किल पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान कुछ युवा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस ने रोका। कार्यकर्ताओं ने पुतले को जूते मारकर विरोध जताया। भाजपा ने पहले कांग्रेस कार्यालय के घेराव का ऐलान किया था, लेकिन पुलिस की ओर से इसकी अनुमति नहीं मिलने के बाद प्रदर्शन चौमूं हाउस सर्किल तक सीमित रहा।

प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का अभिन्न हिस्सा है, लेकिन प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना असभ्यता की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करने के लिए तर्क, संवाद और विचारों के माध्यम से अपनी बात रखनी चाहिए, न कि व्यक्तिगत कटाक्ष और अपमानजनक टिप्पणियों के जरिए।

बगड़ी ने आरोप लगाया कि पटना में कांग्रेस के एक कार्यक्रम में खड़गे ने प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उनके अनुसार, ऐसे बयान राजनीतिक हताशा को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बार-बार राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को व्यक्तिगत टिप्पणियों में बदल देती है। सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों की जिम्मेदारी है कि वे राजनीतिक संवाद की गरिमा बनाए रखें। बगड़ी ने खड़गे से अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

भाजपा प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को अपने बयानों पर आत्ममंथन करना चाहिए और देश के प्रधानमंत्री के प्रति सम्मानजनक भाषा का इस्तेमाल सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध का स्वागत है, लेकिन व्यक्तिगत अपमान और असभ्य भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने राहुल गांधी, खड़गे और कांग्रेस नेतृत्व से इस मामले में माफी मांगने की मांग की।

भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा ने भी खड़गे से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। प्रदर्शन में भाजपा कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, महिला मोर्चा अध्यक्ष राखी राठौड़, जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767305 Articles

Share this story