प्रतिपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे प्रोपेगेंडा का समुचित जवाब दें भाजपा कार्यकर्ता : अजेय कुमार

WhatsApp Channel Join Now
प्रतिपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे प्रोपेगेंडा का समुचित जवाब दें भाजपा कार्यकर्ता : अजेय कुमार


जयपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने पंचायत चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सामाजिक सरोकार रखने वाला और राष्ट्र प्रथम के भाव के साथ काम करने वाला राजनीतिक दल है। इसलिए इसका अपने आप में वैशिष्ठय है। पंचायत चुनावों में भी निकाय चुनाव की तरह सरकार के काम को जनता तक ले जाना और जनता का आशीर्वाद प्राप्त हो, इसलिए हम सभी कार्यकर्ताओं को प्राण प्रण से जुटना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपने विचार के प्रति स्पष्टता रखे और प्रतिपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे प्रौपेगेंडा का समुचित जवाब दें।

संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का काम करने का अपना तरीका है, पूर्व योजना और पूर्ण योजना के साथ हर कार्यकर्ता को काम और हर काम के लिए कार्यकर्ता, इस पद्धति से सबकी सहभागिता रखते हुए हम अपने कार्य को अंजाम देते है। उन्होंने कहा कि एक ओर हमारी डबल इंजन सरकारों के कार्य है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष की विफलताएं, उनकी आपसी फूट सामने है। उन्होंने कहा कि चुनाव में हर कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। हर कार्यकर्ता अपनी भूमिका का निर्वहन सही रूप से करें, अपनी जिम्मेदारी समझें, ताकि राजस्थान के गांवों को ट्रिपल इंजन सरकार मिल सके और वे विकास में भागीदार हो सकें।

भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि पंचायती राज के चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि ग्रामीण क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के ग्राम स्वराज और ग्रामोत्थान के उद्देश्य को पूरा करने के लिए पंचायत से पार्लियामेंट तक विकास के संकल्प वाला नेतृत्व खड़ा हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में ग्राम विकास की जो अनदेखी हुई, कांग्रेस के भ्रष्टाचार की लूट प्रदेश की जनता ने देखी है। ऐसे में हमें भाजपा सरकार के काम और ग्राम विकास संकल्प पत्र में लिए गए संकल्पों को जनता तक पहुंचाना महत्वपूर्ण है। बैठक में भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों सहित चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763722 Articles

Share this story