25 सितंबर को जयपुर आएंगे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन

WhatsApp Channel Join Now
25 सितंबर को जयपुर आएंगे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन


जयपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 25 सितंबर को जयपुर आएंगे। प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी के अनुसार वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सुबह 7.30 बजे अल्बर्ट हॉल में आयोजित स्वच्छता सेवा कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके बाद सुबह 11 बजे बगरू के दादिया गांव में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां हाल में हुए नगर निकाय चुनाव में विजयी भाजपा पार्षदों और प्रत्याशियों का स्वागत-अभिनंदन समारोह होगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ पार्टी के जिला एवं मंडल पदाधिकारी और करीब 50 हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया गया है। नबीन यहां समारोह को संबोधित करेंगे।

नबीन दादिया से ही पंचायत चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे और 90 प्रचार रथों को रवाना करेंगे। ये रथ प्रदेश की पंचायतों तक पहुंचकर केंद्र की नरेंद्र मोदी और राज्य की भजनलाल शर्मा सरकार की ग्रामीण विकास योजनाओं व उपलब्धियों की जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे।

इसके बाद दोपहर 2.30 बजे बिरला ऑडिटोरियम, स्टैच्यू सर्किल में युवा संवाद कार्यक्रम होगा। इसमें नबीन युवाओं से संवाद करेंगे और वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य पर विचार साझा करेंगे। सभी कार्यक्रमों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार सहित पार्टी के प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story