भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी डॉ राधामोहन दास अग्रवाल आठ अप्रैल तक प्रदेश प्रवास पर
जयपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद,राष्ट्रीय महामंत्री एवं राजस्थान प्रभारी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल आठ अप्रैल जयपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे संगठनात्मक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे तथा पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकों में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार डॉ. अग्रवाल पांच अप्रैल को जयपुर पहुंचे। इसके बाद 6 अप्रैल को सुबह 8 बजे खाटू श्याम जी मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके पश्चात वे सीकर में जिला भाजपा कार्यालय में पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित संगठनात्मक कार्यक्रम में भाग लेंगे। साथ ही वह पूर्व विधायक केडी बाबर के निवास पर शिष्टाचार भेंट करेंगे एवं निजी होटल में आयोजित बौद्धिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
सायंकाल 7 बजे डॉ. अग्रवाल सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन कर जयपुर लौटेंगे। 7 अप्रैल को प्रात: 11 बजे डॉ अग्रवाल भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों एवं मोर्चा अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इसके अतिरिक्त राज्य एवं जिला कोषाध्यक्षों के साथ भी महत्वपूर्ण चर्चा करेंगे। 8 अप्रैल को डॉ. अग्रवाल जयपुर से प्रस्थान कर पुनः नई दिल्ली लौट जाएंगे ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

