कांग्रेस में बड़ी टूट और विस्फोट की संभावना— सांसद सीपी जोशी

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस में बड़ी टूट और विस्फोट की संभावना— सांसद सीपी जोशी


उदयपुर, 11 जून (हि.स.)। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी ने कांग्रेस में चल रहे आंतरिक विवाद को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि पार्टी के भीतर गहरी खींचतान चल रही है और आने वाले समय में बड़ा राजनीतिक विस्फोट देखने को मिल सकता है।

उदयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदरखाने बहुत बड़ी जंग चल रही है, जिसे सभी लोग देख रहे हैं। अभी जो घटनाक्रम सामने आ रहा है वह केवल शुरुआत है, भविष्य में इससे भी बड़ी टूट देखने को मिल सकती है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच चल रही बयानबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए जोशी ने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है, इसलिए उन्हें टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है, लेकिन पार्टी के भीतर लंबे समय से चल रहा संघर्ष अब खुलकर सामने आ रहा है। उन्होंने मानेसर प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय पायलट के लिए ‘निकम्मा’ और ‘नकारा’ जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया था, जिससे दोनों नेताओं के बीच मतभेदों की गंभीरता स्पष्ट होती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सांसद जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले वर्षों में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने जीएसटी, धारा 370 हटाने और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे कदमों को देशहित में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे निर्णयों की पहले कल्पना भी नहीं की जाती थी। जबरन धर्मांतरण के मामलों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सख्त कानूनों और प्रशासनिक सतर्कता के कारण ऐसे मामलों में काफी कमी आई है। यदि कहीं शिकायत मिलती है तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं हनुमान बेनीवाल द्वारा राजस्थान सरकार के मंत्रियों पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर जोशी ने प्रत्यक्ष टिप्पणी से बचते हुए मुस्कुराकर कहा कि बेनीवाल कब और किसके बारे में क्या कह दें, यह बात मीडिया उनसे बेहतर जानता है। प्रेस वार्ता में भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story