मोदी सरकार के 12 वर्षों में सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक कार्य

WhatsApp Channel Join Now
मोदी सरकार के 12 वर्षों में सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक कार्य


चित्तौड़गढ़, 01 जून (हि.स.)। राजस्थान सरकार के देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष एवं मोदी सरकार के 12 साल बेमिसाल अभियान के प्रदेश संयोजक ओम प्रकाश भडाना सोमवार को चित्तौड़गढ़ जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने अभियान को लेकर हुई बैठक को संबोधित किया। जिले में आगामी 5 से 21 जून तक चलने वाले मोदी सरकार के 12 साल बेमिसाल अभियान को लेकर चर्चा की। बैठक में अभियान के तहत जिले भर में होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी ओम प्रकाश भडाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। साथ ही केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी जिला स्तर पर लगाई जाएगी। भडाना ने बताया कि अभियान के दौरान विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम, योग शिविर, संगोष्ठियां एवं विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन कर आमजन को सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराया जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने कहा कि जिले का प्रत्येक कार्यकर्ता अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगा तथा केंद्र सरकार की जनहितकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएगा। जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ने बताया कि इस बैठक में जिला पदाधिकारियों के अलावा भाजपा के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

Share this story