भाजपा नेताओं ने की विशेष पूजा-अर्चना
जयपुर, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर 4399 दिन पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेशभर में विशेष पूजा-अर्चना कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जयपुर स्थित झारखंड महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर जनसेवा की कामना की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूजन के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है तथा उनके नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में राष्ट्र तेजी से आगे बढ़ रहा है।
राठौड़ ने कहा कि रेलवे के सुदृढ़ीकरण, गरीबों के लिए आवास, रोजगार सृजन, पेयजल एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, किसानों की समृद्धि, सेना के आधुनिकीकरण तथा विश्व पटल पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने जैसे अनेक ऐतिहासिक कार्य प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे इन जनकल्याणकारी उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाएं। झारखंड महादेव मंदिर में आयोजित पूजा-अर्चना कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह तथा भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित मोती डूंगरी गणेश मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर जनसेवा की कामना की। पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
इस अवसर पर भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, राज्यसभा प्रत्याशी डॉ. अलका गुर्जर, भाजपा कार्यालय सचिव मुकेश पारीक, विधायक कालीचरण सराफ सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने जयपुर स्थित गोविंद देवजी मंदिर में पूजा अर्चना की। इस दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, वित्त आयोग अध्यक्ष डॉ अरुण चतुर्वेदी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, विधायक बालमुकुंदाचार्य तथा जिला अध्यक्ष अमित गोयल सहित अनेक नेताओं ने पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं सफल नेतृत्व की कामना की। भाजपा पदाधिकारियों ने जयपुर के मोती डूंगरी गणेश मंदिर, गोविंददेव जी मंदिर, झारखंड महादेव मंदिर, बडी चौपड़ स्थित श्रीरामचन्द्र जी का मंदिर, श्री ब्रजनिधि जी का मंदिर तथा नहर के गणेश जी मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की। इस दौरान राज्य धरोवर प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, नाहर सिंह जोधा, सुरेंद्र पाल टीटी, सरिता गैना, महामंत्री डॉ मिथिलेश गौतम, कैलाश मेघवाल, प्रदेश मंत्री नारायण मीणा, अजीत मांडण, आईदान सिंह भाटी, सीताराम पोसवाल, नारायण पुरोहित, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, प्रदेश कार्यालय सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी हीरेंद्र कौशिक, आईटी प्रभारी अविनाश जोशी सहित प्रदेश पदाधिकारियों ने विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

