पंचायत चुनाव में हार के बाद भाजपा में मंथन तेज: जिला अध्यक्षों-विधायकों से मांगी रिपोर्ट

WhatsApp Channel Join Now
पंचायत चुनाव में हार के बाद भाजपा में मंथन तेज: जिला अध्यक्षों-विधायकों से मांगी रिपोर्ट


जयपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान के पंचायत चुनावों में करारी शिकस्त के बाद भाजपा में हार के कारणों की समीक्षा और जवाबदेही तय करने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने मुख्यमंत्री निवास पर बैठक कर चुनाव परिणाम, हार के कारणों और जिला प्रमुख-प्रधान बनाने की रणनीति पर मंथन किया।

पार्टी संगठन ने सभी जिला अध्यक्षों के साथ स्थानीय विधायकों और विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों से भी चुनाव परिणाम और हार के कारणों की रिपोर्ट मांगी है। पंचायत चुनाव में टिकट वितरण के लिए विधायकों और विधायक प्रत्याशियों को काफी हद तक स्वतंत्रता दी गई थी। ऐसे में कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों में उम्मीदवार चयन और चुनाव प्रबंधन को लेकर संबंधित नेताओं से जवाब मांगा जा रहा है। पार्टी यह भी समीक्षा करेगी कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की पसंद के उम्मीदवार मतदाताओं का भरोसा क्यों नहीं जीत पाए।

समीक्षा में कार्यकर्ताओं की नाराजगी, जनप्रतिनिधियों की अपेक्षाएं, सरकार में उनकी भूमिका और सत्ता-संगठन के बीच तालमेल जैसे मुद्दे भी शामिल होंगे। निकाय चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के बाद संगठनात्मक कमियों और चुनावी प्रबंधन की भी पड़ताल की जाएगी।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि पार्टी ने जनता के जनादेश को स्वीकार किया है। चुनाव में रही कमियों की समीक्षा की जा रही है और सत्ता व संगठन दोनों स्तरों पर रिपोर्ट तैयार हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के मुद्दे पर राजनीति करती है और कांग्रेस की ओर से फैलाए जा रहे भ्रम को तोड़ेगी। कांग्रेस के घमंड का जवाब जनता देगी और राजस्थान में भाजपा की सरकार फिर बनेगी।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जिला परिषद की 1275 सीटों में कांग्रेस ने 794 और भाजपा ने 357 सीटें जीतीं। पंचायत समितियों की 7520 घोषित सीटों में कांग्रेस को 3758 और भाजपा को 2213 सीटें मिलीं। जिला परिषद की 37 में से 23 जगह कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला, जबकि भाजपा पांच जिलों में बहुमत हासिल कर सकी। नागौर में आरएलपी को बहुमत मिला और आठ जिला परिषदों में किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। पंचायत समिति स्तर पर कांग्रेस 419 में से 230 समितियों में आगे रही, जबकि भाजपा 52 पर बढ़त बना सकी।

अब जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव भाजपा के सामने अगली बड़ी चुनौती हैं। त्रिशंकु स्थिति वाले जिलों और पंचायत समितियों में निर्दलीय तथा छोटे दलों की भूमिका निर्णायक हो सकती है। मुख्यमंत्री निवास की बैठक में स्थानीय समीकरणों के आधार पर समर्थन जुटाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781109 Articles

Share this story