भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक निनामा का निधन

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक निनामा का निधन


बांसवाड़ा, 23 अप्रैल (हि.स.)। संघ के स्वयंसेवक, जनसंघ व भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल तथा चार बार घाटोल विधायक रहे पूर्व बांसवाड़ा जिलाध्यक्ष नवनीत लाल निनामा का गुरुवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे और उपचाराधीन थे। उनकी अंतिम यात्रा शुक्रवार प्रातः 9 बजे उनके निवास स्थान गर्नावट सेनावासा से मोक्षधाम के लिए रवाना होगी।

निनामा ने वर्ष 1963 से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। उन्होंने सचिव, न्याय पंचायत पड़ौली गोर्धन (तहसील घाटोल) के रूप में आदिवासी समाज की आवाज को मजबूती से उठाया। वे 1968 से 1975 तक जनसंघ बांसवाड़ा के जिलाध्यक्ष रहे। इसके बाद 1977 से 1987 तथा 1980 से 1998 तक भारतीय जनता पार्टी बांसवाड़ा के जिलाध्यक्ष पद का दायित्व संभाला।

वर्ष 2001 में वे भाजपा घाटोल मंडल अध्यक्ष एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बने। वर्ष 2011 से अब तक वे भाजपा बांसवाड़ा के जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष पद पर कार्यरत रहे। इसके अतिरिक्त 1979 से 1990 तक राजस्थान आदिवासी संघ के अध्यक्ष तथा 1984 से सहायक मंत्री व मंत्री के रूप में भी उन्होंने समाज सेवा की। समाजसेवा के क्षेत्र में उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने घाटोल क्षेत्र की 50 बेटियों का कन्यादान करवाया तथा लगभग 100 विद्यार्थियों की शिक्षा की व्यवस्था करवाई। वर्ष 1975 से अब तक उन्होंने हजारों लोगों की आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक समस्याओं के समाधान में योगदान दिया।

आपातकाल के दौरान जनवरी 1976 से जुलाई 1977 तक वे मीसा के तहत जेल में रहे। लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनका संघर्ष सदैव प्रेरणास्रोत माना जाता है। निनामा के निधन से भाजपा परिवार एवं वागड़ क्षेत्र के आदिवासी समाज में शोक की लहर है। उनके निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं व गणमान्य लोगों का उनके निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करने का क्रम जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुभाष

Share this story