अनुसूचित जनजाति समाज ने भाजपा जिलाध्यक्ष अमित गोयल का किया अभिनंदन

WhatsApp Channel Join Now
अनुसूचित जनजाति समाज ने भाजपा जिलाध्यक्ष अमित गोयल का किया अभिनंदन


जयपुर, 04 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर कार्यालय में गुरुवार को अनुसूचित जनजाति समाज के प्रतिनिधियों ने जयपुर शहर भाजपा जिलाध्यक्ष अमित गोयल का 21 किलो की विशाल माला पहनाकर तथा भगवान श्रीराम के प्रतीक स्वरूप धनुष-बाण भेंट कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विकास मीणा का भी दुपट्टा, माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया।

इस कार्यक्रम में मीणा समाज के बड़ी संख्या में समाजबंधु, मातृशक्ति, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान पुष्पमालाओं, जयघोष, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्साह एवं संगठनात्मक एकता का माहौल देखने को मिला। समाजजनों ने भाजपा संगठन और जिलाध्यक्ष अमित गोयल के प्रति अपना विश्वास एवं समर्थन व्यक्त किया।

इस अवसर पर अमित गोयल ने कहा कि अनुसूचित जनजाति समाज भारतीय संस्कृति, प्रकृति संरक्षण, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता की गौरवशाली परंपरा का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव अनुसूचित जनजाति समाज के सम्मान, अधिकारों और सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास मीणा के नेतृत्व में अनुसूचित जनजाति मोर्चा को नई ऊर्जा मिलेगी तथा समाज और संगठन के बीच समन्वय और अधिक मजबूत होगा।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विकास मीणा ने पार्टी नेतृत्व और समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की विचारधारा और जनसेवा के संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का कार्य करेंगे तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूर्ण समर्पण से काम करेंगे।

कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों एवं महिला कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

मीडिया सह-प्रभारी नयन माधाणी (अग्रवाल) ने बताया कि कार्यक्रम में जिला महामंत्री नवरत्न नराणिया एवं राजेश ताम्बी, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पुरुवंशी और अजय सिंह चौहान, जिला मंत्री प्रिया ज्ञानानी, जी. राम मीणा, कार्यालय मंत्री क्षमा अग्रवाल, सह कार्यालय मंत्री कमलेश जायसवाल, राज सिंह राठौड़ सहित जिला एवं मोर्चा पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story