मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया से लिया संगठनात्मक एवं राजनीतिक फीडबैक

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया से लिया संगठनात्मक एवं राजनीतिक फीडबैक


बीकानेर, 08 जून (हि.स.)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने मुख्यमंत्री आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। लगभग 20 मिनट तक चली इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने बीकानेर देहात जिले की संगठनात्मक गतिविधियों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर विस्तृत फीडबैक लिया।

मुलाकात के दौरान जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने संगठन के चल रहे अभियानों, कार्यकर्ताओं की गतिविधियों, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा जिले के विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। साथ ही क्षेत्र की जनभावनाओं एवं स्थानीय मुद्दों से भी अवगत कराया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता एवं सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं जनसंपर्क गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की।

जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार जनकल्याण, सुशासन एवं विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री को बीकानेर देहात जिले की संगठनात्मक स्थिति एवं विभिन्न जनहित के विषयों से अवगत कराया। महामंत्री कैलाश विश्नोई, प्रवक्ता भवानी पाईवाल भी साथ रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story