सभी 37 जिलों में जिला प्रमुख का चुनाव लड़ेगी भाजपा : मदन राठौड़

WhatsApp Channel Join Now
सभी 37 जिलों में जिला प्रमुख का चुनाव लड़ेगी भाजपा : मदन राठौड़


जयपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि पार्टी प्रदेश के सभी 37 जिलों में जिला प्रमुख का चुनाव लड़ेगी। भाजपा कोई भी स्थान खाली नहीं छोड़ेगी और हर परिस्थिति में अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि जो भी स्थिति बनेगी, पार्टी उसका मुकाबला करेगी।

चुनाव में हार की समीक्षा के बाद जिला प्रभारियों पर कार्रवाई के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि कार्रवाई से कोई भी बचा हुआ नहीं है, सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी। वहीं, सत्ता और संगठन में संभावित फेरबदल को लेकर उन्होंने कहा कि सैनिक का काम दिए गए मोर्चे पर अपना दायित्व निभाना है। किस सैनिक को किस मोर्चे पर भेजना है, यह सेनापति का काम है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से जिला परिषद सदस्यों की खरीद-फरोख्त के आरोपों पर पलटवार करते हुए राठौड़ ने कहा कि हॉर्स ट्रेडिंग कांग्रेस करती है। कांग्रेस के नेता हमेशा खरीद-फरोख्त में शामिल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब गहलोत मुख्यमंत्री बने थे, तब उनके पास बहुमत नहीं था और उन्होंने बसपा विधायकों के साथ कई निर्दलीय तथा अन्य दलों के विधायकों को अपने पक्ष में किया था।

राठौड़ ने कहा कि जब कांग्रेस सरकार पर संकट आया था, तब सचिन पायलट अपने समर्थक विधायकों के साथ एक होटल में रहे थे, जबकि अशोक गहलोत भी अपने समर्थक विधायकों को दूसरे होटल में लेकर ठहरे थे। उस दौरान एक-दूसरे के विधायकों पर दबाव बनाया गया और उन्हें लालच दिया गया। उन्होंने कहा कि हॉर्स ट्रेडिंग का उदाहरण तो वह था। भाजपा ने जनादेश को स्वीकार किया है, ऐसे में उस पर खरीद-फरोख्त के आरोप लगाना गलत है।

डोटासरा पर निशाना साधते हुए राठौड़ ने कहा कि वे बिना गेंद के फुटबॉल खेलते रहते हैं। थोड़ा परिणाम पक्ष में आ जाने पर अपनी भुजाएं फड़काने लगते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अब कांग्रेस नेता ईवीएम पर क्यों नहीं बोल रहे हैं। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के नेता अब तक ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाते रहे हैं। जब चुनाव में हार मिलती है तो ईवीएम खराब बताई जाती है, लेकिन जीत मिलने पर वही ईवीएम सही हो जाती है। उन्होंने इसे कांग्रेस का दोहरा चरित्र बताते हुए कहा कि ऐसा रवैया उचित नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story