अजमेर की 6 पंचायत समितियों में भाजपा के प्रधान बने

WhatsApp Channel Join Now
अजमेर की 6 पंचायत समितियों में भाजपा के प्रधान बने


अजमेर, 27 नवम्बर(हि.सं.)। अजमेर जिले की 10 पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए हुए चुनाव में 6 पंचायत समितियों में भाजपा का प्रधान बना, वहीं चार में कांग्रेस के प्रधान चुने गए। बडल्या पंचायत समिति में भाजपा के श्रवणसिंह रावत को निर्विरोध चुना गया है। अजमेर ग्रामीण में बहुमत व किशनगढ़ में आरएलपी के सहयोग के बावजूद कांग्रेस का हार मिली है।

भिानय में कांग्रेस ने भाजपा में सेंध लगाकर 2 वोट ज्यादा प्राप्त किए हैं। अराई में कांग्रेस ने अन्य के सहयोग से प्रधान पद पर कब्जा जमाया है।

अरांई पंचायत समिति में 17 सदस्य थे। यहां भाजपा के शिवराज को 7 मत मिले वहीं कांग्रेस की गुलाबी देवी को 10 मत मिले। पंचायत समिति में भाजपा के पास 6 व कांग्रेस के पास 6 सदस्य थे वहीं 5 अन्य सदस्य विजयी हुए थे।

19 सदस्या वाली अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति से भाजपा की बीना मेघवंशी 10 मत प्राप्त कर प्रधान चुनी गई। कांग्रेस की संतोष को 9 मत मिले और वे हार गई। यहां कांग्रेस 11 सदस्यों के साथ बहुमत पर रही थी। भाजपा को 8 सदस्यों के साथ प्रधान पद पर दावेदारी करनी थी। उन्होंने नतीजे को अपने पक्ष में पलट लिया।

सरवाड़ पंचायत समिति में भाजपा की नर्मदा देवी 8 मत प्राप्त कर प्रधान चुनी गई। यहां कांग्रेस के अजय सिंह 6 मत ही प्राप्त कर सके। 15 सदस्यों वाले पंचायत समिति में भाजपा 9 सदस्यों के साथ बहुमत में थी। कांग्रेस के 6 सदस्य चुने गए थे।

सावर पंचायत समिति में कांग्रेस की दुर्गा देवी 13 मतों के साथ प्रधान चुनी गई। 15 सदस्यों वाली इस समिति में भाजपा का 1 ही सदस्य था। 13 सदस्य कांग्रेस व 1 सदस्य अन्य विजयी हुआ था। यहां भाजपा की रामप्यारी देवी को सिर्फ 2 मत मिले।

श्रीनगर पंचायत समिति में भाजपा के महावीर प्रसाद मेघवंशी प्रधान चुने गए। उन्हें 19 में से 10 मत मिले वहीं कांग्रेस की संतोष देवी को 8 मत मिले।

सिलोरा पंचायत समिति में प्रधान का पद भाजपा के कब्जे में रहा। यहां 14 मतों के साथ श्रीमती बदाम प्रधान चुनी गई। गमराज देवी 13 मत पाने के बाद भी चुनाव हार गई। कुल 27 सदस्यों वाली इस समिति में वैसे 13 सदस्यों के साथ भाजपा का ही वर्चस्व था। कांग्रेस को यहां 6 व अन्य 8 सदस्य चुन कर आए थे।

केकड़ी पंचायत समिति में भाजपा की प्रकाश कंवर राठौड़ 8 मतों के साथ प्रधान चुनी गई। इन्होंने कांग्रेस की शांतिदेवी कुमावत को 1 मत से हराया। शांति देवी को 7 मत मिले। कुल 15 सदस्यों में से यहां भाजपा के 8 व कांग्रेस के 7 सदस्य चुन कर आए थे। लिहाजा यहां भाजपा का प्रधान चुना जाना चुनौती पूर्ण किन्तु सुनिश्चित था। क्रास वोटिंग अथवा वोट गलत पड़ जाने पर की स्थिति में कांग्रेस को लाभ मिल सकता था।

पीसांगन पंचायतसमिति में कांग्रेस के गिरधारीलाल गुर्जर ने 12 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की है। यहां भाजपा की मंजू देवी को 5 मतों पर संतुष्ट होकर हार का सामना करना पड़ा।वैसे भी यह पंचायत समिति 17 सदस्यों की थी इसमें से 12 सदस्य कांग्रेस के ही चुन कर आए थे। भाजपा के पास 5 ही सदस्य थे। चुनाव में दोनों ही पक्ष के सदस्य पार्टी के साथ रहे।

भिनाय पंचायत समिति में कांग्रेस की रिंका गुर्जर 12 मतों के साथ चुनाव जीत गई। यहां भाजपा की मैना देवी को 7 मत मिले। यहां भाजपा के सदस्यों ने पार्टी के साथ गद्दारी की। 19 सदस्यों वाली समिति में भाजपा के 9 सदस्य थे जबकि प्रधान के लिए 7 मत ही मिले। वहीं कांग्रेस के पास 10 सदस्य थे प्रधान पद पर 12 मत रिंका गुर्जर ने प्राप्त किए यानी गुर्जर को भाजपा से विजयी दो सदस्यों का भी समर्थन मिला।

बडल्या पंचायत समिति से श्रवण सिंह रावत निर्विरोध निर्वाचित किए गए। यहां 17 सदस्यों में से भाजपा को 14 और कांग्रेस को 2 व 1 अन्य सदस्य विजयी हुआ था। सभी ने श्रवणसिंह रावत को निर्विरोध निर्वाचित कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784272 Articles

Share this story