खाचरियावास के बयान राजनीतिक हताशा का परिणाम: श्रवण सिंह बगड़ी

WhatsApp Channel Join Now
खाचरियावास के बयान राजनीतिक हताशा का परिणाम: श्रवण सिंह बगड़ी


जयपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा सरकार पर लगाए आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में कांग्रेस अपनी जमीन खिसकती देखकर बौखला गई है। खाचरियावास के बयान विकास और जनहित के मुद्दों पर नहीं, बल्कि राजनीतिक हताशा और निराशा को दर्शाते हैं।

बगड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो जनता से संवाद और सरकार के विकास कार्यों को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम हैं। भाजपा का जनसंपर्क अभियान पूरे प्रदेश और राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में जारी है। केवल बयान देने से कांग्रेस जनता का विश्वास वापस नहीं पा सकती। जनता कांग्रेस शासन और भाजपा सरकार के कामकाज की तुलना कर रही है।

उन्होंने कहा कि चुनाव में शराब बांटने जैसे गंभीर आरोप लगाना आसान है, लेकिन आरोपों के साथ प्रमाण भी प्रस्तुत किए जाने चाहिए। यदि खाचरियावास के पास तथ्य, वीडियो, शिकायत या अन्य प्रमाण हैं तो उन्हें निर्वाचन आयोग और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष पेश करें, ताकि निष्पक्ष कार्रवाई हो सके। बिना प्रमाण आरोप लगाना केवल चुनावी सनसनी पैदा करने का प्रयास है।

बगड़ी ने कहा कि निकाय चुनाव सरकार गिराने या मुख्यमंत्री बदलने का चुनाव नहीं, बल्कि स्थानीय निकायों के कायाकल्प का चुनाव है। भाजपा ने इसके लिए संकल्प पत्र भी जारी किया है। जनता अब आरोपों की राजनीति के बजाय काम की राजनीति चाहती है।

उन्होंने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान भ्रष्टाचार, अपराध और महिला अपराध के मुद्दे सामने आए। उन्होंने आरोप लगाया कि तुष्टिकरण की नीतियों के चलते जोधपुर, करौली सहित विभिन्न स्थानों पर रामनवमी और हनुमान जयंती के दौरान पथराव एवं हिंसक घटनाएं हुईं। उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार ने आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की है और सरकार की स्पष्ट नीति है कि अपराधी कितना भी प्रभावशाली हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है।

उन्होंने कहा कि भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। निकाय चुनाव में जनता कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति और भाजपा के विकास के एजेंडे के बीच अपना फैसला करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story