एसआईआर पर कांग्रेस को जवाब देने जयपुर में अश्विनी वैष्णव के साथ सड़क पर उतरेंगे मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
एसआईआर पर कांग्रेस को जवाब देने जयपुर में अश्विनी वैष्णव के साथ सड़क पर उतरेंगे मुख्यमंत्री


जयपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने के लिए भाजपा ने सड़क से सदन तक राजनीतिक अभियान तेज करने की तैयारी की है। इसी कड़ी में 5 नवंबर को जयपुर के रामलीला मैदान में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ जनसभा और पदयात्रा आयोजित की जाएगी। इसमें केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के जरिए भाजपा एसआईआर को लेकर अपना पक्ष जनता तक पहुंचाने और कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने की तैयारी में है।

इस कार्यक्रम संयोजक और सांसद मंजू शर्मा ने बताया कि रामलीला मैदान में जनसभा के बाद सांकेतिक पदयात्रा निकाली जाएगी। यह चौड़ा रास्ता होते हुए त्रिपोलिया गेट तक पहुंचेगी। इसमें केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश के वरिष्ठ नेता, पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। पार्टी ने जनसभा और पदयात्रा में 10 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है।

मंजू शर्मा के अनुसार भाजपा एसआईआर को पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय बनाने की प्रक्रिया मानती है। उनका आरोप है कि कांग्रेस इस मुद्दे पर भ्रम फैलाकर चुनावी प्रक्रिया के प्रति अविश्वास का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। भाजपा कार्यकर्ता विधानसभा, मंडल और वार्ड स्तर पर जनता के बीच जाकर पार्टी का पक्ष रखेंगे और कांग्रेस के आरोपों का जवाब देंगे।

दीपावली के खरीदारी सीजन को देखते हुए भाजपा ने पदयात्रा का मार्ग सीमित रखा है। परकोटे के बाजारों में त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में ग्राहकों की आवाजाही रहती है। ऐसे में लंबे मार्च से यातायात और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए रामलीला मैदान से त्रिपोलिया गेट तक सांकेतिक पदयात्रा तय की गई है। पार्टी की कोशिश है कि कार्यक्रम का राजनीतिक संदेश भी पहुंचे और व्यापारियों तथा आमजन को कम से कम परेशानी हो।

कार्यक्रम की तैयारियों के लिए विधानसभा क्षेत्र, मंडल और वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मंडल अध्यक्षों, पार्षदों, पार्षद प्रत्याशियों और वार्ड प्रभारियों को अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। भाजपा इस आयोजन के माध्यम से एसआईआर पर अपना पक्ष रखने के साथ कांग्रेस के आरोपों के जवाब में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति पर काम कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771916 Articles

Share this story