गहलोत के पांच साल पर भारी भाजपा के 34 महीने के विकास कार्य : मदन राठौड़

WhatsApp Channel Join Now
गहलोत के पांच साल पर भारी भाजपा के 34 महीने के विकास कार्य : मदन राठौड़


जयपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के पांच वर्षों और भाजपा सरकार के 34 महीनों के विकास कार्यों की तुलना से वास्तविक तस्वीर सामने आ जाएगी। भाजपा सरकार ने कम समय में विकास के प्रत्येक क्षेत्र में कांग्रेस से अधिक काम किया है। उन्होंने गहलोत पर कपोल कल्पित आरोप लगाने और बिना तथ्यों के बयानबाजी करने का आरोप लगाया।

राठौड़ ने कहा कि गहलोत तीन बार मुख्यमंत्री रहे हैं, इसलिए उनसे तथ्य आधारित और जिम्मेदार बयान की अपेक्षा है। उन्होंने कांग्रेस पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आपातकाल में प्रेस सेंसरशिप लगाकर मीडिया की आवाज दबाई गई और चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया गया। उन्होंने सचिन पायलट के लिए गहलोत की ओर से निकम्मा और नकारा जैसे शब्दों के इस्तेमाल का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा एकजुट संगठन है और राजनीति में हार-जीत को खेल भावना से स्वीकार करना चाहिए।

पंचायत चुनाव परिणामों पर राठौड़ ने कहा कि भाजपा जनादेश का सम्मान करती है और प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते उन्होंने परिणामों की जिम्मेदारी स्वयं ली है। वहीं, ईवीएम पर सवाल उठाने वाले गहलोत और कांग्रेस नेताओं को जनता से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।

राठौड़ के अनुसार सिंचाई विकास में भाजपा सरकार ने कांग्रेस से लगभग पौने तीन गुना, तारबंदी में साढ़े चार गुना, मिनी स्प्रिंकलर स्थापना में पौने दो गुना और पशु चिकित्सालयों के क्रमोन्नयन में सवा चार गुना अधिक काम किया है। राजीविका स्वयं सहायता समूहों को बैंक ऋण उपलब्ध कराने में भी लगभग पौने दो गुना कार्य हुआ।

शिक्षा क्षेत्र में भाजपा सरकार ने 34 महीनों में 229 महाविद्यालय भवन बनवाए, जबकि कांग्रेस के पांच वर्षों में 57 बने। छात्राओं को योजनाओं का लाभ देने में यह संख्या 53,637 के मुकाबले 16,536 रही। भाजपा सरकार ने 21 पॉलिटेक्निक महाविद्यालय स्थापित किए, जबकि कांग्रेस के समय पांच बने। इसी तरह 17 संस्कृत महाविद्यालय आचार्य स्तर पर क्रमोन्नत किए गए, जबकि कांग्रेस के समय तीन हुए।

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में भाजपा सरकार ने 1.25 लाख नई स्वीकृतियां जारी कीं, जबकि कांग्रेस सरकार ने पांच वर्षों में 77,950 स्वीकृतियां दी थीं। सड़क निर्माण में भाजपा सरकार ने 18,917 किलोमीटर सड़कों पर 9,704 करोड़ रुपये खर्च किए, जबकि कांग्रेस के समय 13,160 किलोमीटर सड़कों पर 6,910 करोड़ रुपये खर्च हुए। ग्रामीण सड़क संपर्क के तहत 1,760 गांवों को जोड़ा गया, जबकि कांग्रेस के समय 1,104 गांव जुड़े। मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण भी 10,030 किलोमीटर के मुकाबले कांग्रेस के 6,614 किलोमीटर रहा।

ऊर्जा क्षेत्र में भाजपा सरकार ने बिजली उत्पादन क्षमता में 10,920 मेगावॉट की वृद्धि की, जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में यह 3,952 मेगावॉट थी। सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता में भी भाजपा सरकार का आंकड़ा 28,303 मेगावॉट और कांग्रेस का 15,000 मेगावॉट बताया। भाजपा सरकार ने दो 400 केवी, नौ 220 केवी और 51 नए 132 केवी सबस्टेशन स्थापित किए, जबकि कांग्रेस के समय क्रमशः एक, पांच और 38 सबस्टेशन बने।

स्वास्थ्य क्षेत्र में भाजपा सरकार ने 1,573 उपस्वास्थ्य केंद्र भवन बनवाए, जबकि कांग्रेस के समय 515 बने। भाजपा सरकार ने 10 जिला स्तरीय आयुष चिकित्सालय स्थापित किए, जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में एक भी नहीं बना। राजस्व ग्रामों के सृजन में भी भाजपा सरकार ने 2,281 के मुकाबले कांग्रेस के 1,517 गांवों का आंकड़ा बताया।

राठौड़ ने दावा किया कि इन आंकड़ों से भाजपा सरकार के विकास कार्यों की गति स्पष्ट होती है। उन्होंने आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत का विश्वास जताते हुए कहा कि पार्टी जनादेश का सम्मान करते हुए संगठन को मजबूत करने और जनता का विश्वास बढ़ाने के लिए काम करती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784915 Articles

Share this story