बिश्नोई ग्लोबल काउंसिल के दो दिवसीय आयोजन शनिवार से
जोधपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। बिश्नोई ग्लोबल काउंसिल की ओर से 31 अक्टूबर एवं 1 नवंबर को रातानाडा स्थित माहेश्वरी सदन में अमृता एक्जीबिशन सहित विभिन्न समिट और सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करना, विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवरों के बीच संपर्क और सहयोग बढ़ाना, प्रशासनिक एवं रक्षा सेवाओं से जुड़े अधिकारियों को एक मंच पर लाना तथा समाज के सफल उद्यमियों को सम्मानित करना है।
अमृता एक्जीबिशन में बिश्नोई समाज की महिलाएं अपने उत्पादों, व्यवसायों और रचनात्मक कार्यों का प्रदर्शन करेंगी। इसमें हस्तनिर्मित उत्पाद, पारंपरिक कला, फैशन, गृह सज्जा सहित विभिन्न व्यावसायिक वस्तुओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों की पहचान बढ़ाने और नए ग्राहकों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। प्रदर्शनी के दौरान गरबा, मिस बिश्नोई, मेहंदी प्रतियोगिता, गायन सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियां होंगी। बच्चों के लिए भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसी क्रम में उन माताओं और दादियों को सम्मानित किया जाएगा, जिनके परिवार में तीन बेटियां हैं। इस पहल के माध्यम से बेटियों के सम्मान, समानता और महत्व का संदेश दिया जाएगा। बिश्नोई प्रोफेशनल समिट में चार्टर्ड अकाउंटेंट, डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सॉफ्टवेयर विशेषज्ञ, व्यवसाय सलाहकार सहित विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवर भाग लेंगे।
समिट का उद्देश्य विशेषज्ञों के बीच संवाद, अनुभवों का आदान-प्रदान, व्यावसायिक सहयोग और युवाओं के लिए करियर के नए अवसर विकसित करना है। बिश्नोई प्रशासनिक अधिकारी समिट में सेना के अधिकारियों के साथ केंद्र एवं राज्य सरकारों की प्रशासनिक, पुलिस, न्यायिक, इंजीनियरिंग और अन्य सेवाओं से जुड़े अधिकारी शामिल होंगे।
बिश्नोई उद्यमिता सम्मान समारोह 1 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इसमें व्यवसाय, नवाचार, रोजगार सृजन और उद्यमशीलता के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहचान बनाने वाले समाज के सफल उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार, नए व्यवसाय स्थापित करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा। बिश्नोई ग्लोबल काउंसिल ने दोनों दिन के कार्यक्रमों को एकल उपयोग वाले प्लास्टिक से मुक्त और स्वच्छ रखने का संकल्प लिया है। आयोजन के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक के जिम्मेदार विकल्पों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

