वीर दुर्गादास राठौड़ को जयन्ती पर किया याद
जोधपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। वीर दुर्गादास राठौड़ स्मृति समिति द्वारा वीर दुर्गादास राठौड़ का 388वां जयन्ती समारोह गुरुवार को मसूरिया पहाड़ी पर आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में बारह प्रतिभाओं का सम्मान भी किया गया।
वीर दुर्गादास स्मृति समिति के अध्यक्ष डॉ. महेन्द्रसिंह तंवर ने बताया कि वीर दुर्गादास की जयन्ती के अवसर पर वीर दुर्गादास राठौड़ स्मृति स्थल पर पूजा अर्चना, श्रद्धांजलि एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम हैडक्वार्टर 12 कोर के मेजर जनरल केडी जसपाल के मुख्य आतिथ्य एवं पूर्व नरेश गजसिंह की अध्यक्षता में हुआ। विशिष्ट अतिथि संभागीय आयुक्त के.एल स्वामी थे।
समारोह के तहत वीर दुर्गादास राठौड़ समिति जोधपुर की ओर से 12 प्रतिभाओं को वीर दुर्गादास राठौड़ सम्मान से सम्मानित किया गया। समिति द्वारा पण्डित जीवराज श्रीमाली, डॉ. सीमा शर्मा एवं डॉ. दिनेशदत्त शर्मा, युवरागी राठौड़, डॉ. कमल किशोर सांखला, डॉ. चन्दनसिंह पुरोहित, तेज कंवर, भवानी शंकर नायक, नरेन्द्रसिंह राठौड़, अरूणा पटेल और डॉ. अजयपालसिंह धनला को पुरस्कृत किया गया। उक्त पुरस्कारों के तहत शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। इसी प्रकार समिति द्वारा प्रतिवर्ष स्मृति पुरस्कार भी प्रदान किए जाते हैं।
इस वर्ष स्व. प्रमोदपुरी स्मृति पुरस्कार पर्यावरण तथा वनस्पति संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए सोजत मारवाड़ क्षेत्र की संस्थान हरियालो राजस्थान को एवं स्व. मोहनलाल गेहानी स्मृति पुरस्कार पैरा एथलीट एवं तैराकी के क्षेत्र में किरण कंवर को प्रदान किया गया। साथ ही निबन्ध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। इस अवसर पर खनन और भूविज्ञान विभाग, राजस्थान सरकार के पूर्व निदेशक दीपक तंवर एवं डॉ. कमल किशोर खींची द्वारा लिखित पुस्तकों का लोकार्पण भी किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

