एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद विमान से टकराया पक्षी, सुरक्षित लैंडिंग के बाद फिर रवाना

WhatsApp Channel Join Now
एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद विमान से टकराया पक्षी, सुरक्षित लैंडिंग के बाद फिर रवाना


जयपुर, 14 जून (हि.स.)। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जेद्दा के लिए रवाना हुई एक विमान उड़ान के दौरान बर्ड हिट (पक्षी टकराने) की घटना का शिकार हो गई। एहतियात के तौर पर विमान को वापस जयपुर एयरपोर्ट बुलाया गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग करवाई गई।

जानकारी के अनुसार सऊदी अरब की लो-कॉस्ट एयरलाइंस फ्लाइनास का विमान शनिवार रात हाजियों को लेकर जेद्दा से जयपुर पहुंचा था। रात करीब 10:10 बजे खाली विमान जेद्दा के लिए रवाना हुआ, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद विमान से पक्षी टकरा गया।

घटना के बाद पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को सूचना दी।

सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को वापस जयपुर एयरपोर्ट लाने का निर्णय लिया गया। करीब 30 मिनट बाद रात 10:40 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग करवाई गई। विमान के उतरने के बाद इंजीनियरिंग एवं तकनीकी टीमों ने उसकी विस्तृत जांच की। बर्ड हिट से प्रभावित हिस्सों का निरीक्षण कर सभी सुरक्षा मानकों की पुष्टि की गई। जांच पूरी होने और विमान को उड़ान के लिए सुरक्षित पाए जाने के बाद उसे पुनः रवाना करने की अनुमति दी गई।

तकनीकी परीक्षण के बाद फ्लाइनास का विमान रात करीब 1:05 बजे दोबारा जेद्दा के लिए रवाना हुआ। घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सभी सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story