एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप-2027 के प्रचार को लेकर निकली बाइक रैली, 100 दिव्यांग खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now
एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप-2027 के प्रचार को लेकर निकली बाइक रैली, 100 दिव्यांग खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा


एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप-2027 के प्रचार को लेकर निकली बाइक रैली, 100 दिव्यांग खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा


एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप-2027 के प्रचार को लेकर निकली बाइक रैली, 100 दिव्यांग खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा


एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप-2027 के प्रचार को लेकर निकली बाइक रैली, 100 दिव्यांग खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा


जयपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। आगामी तीसरी एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप-2027 के प्रचार-प्रसार और दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को जयपुर से सिंघानिया विश्वविद्यालय पचेरी तक शनिवार को बाइक जागरूकता रैली निकाली गई। विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित इस रैली में करीब 100 दिव्यांग पैरा थ्रोबॉल खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली को जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन की अध्यक्ष निर्मला रावत तथा सिंघानिया विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली उस स्थल तक पहुंची, जहां मार्च 2027 में तीसरी एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी किसी भी दृष्टि से कम नहीं हैं। उन्हें केवल उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों और दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

सिंघानिया विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप राजस्थान के लिए गौरव का विषय होगी और इससे प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन की अध्यक्ष निर्मला रावत ने कहा कि यह रैली केवल खेलों के प्रचार तक सीमित नहीं है, बल्कि दिव्यांगजनों के आत्मविश्वास, सम्मान और सशक्तिकरण का अभियान भी है। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया।

सिंघानिया विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि मलेशिया में आयोजित पिछली एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप से प्राप्त ध्वज भारत पहुंच चुका है और मार्च 2027 में होने वाली प्रतियोगिता की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने देश-विदेश के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भाग लेने का आमंत्रण दिया।

रैली में राजस्थान पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष बृजराज सिंह शेखावत, सचिव सुनील कुमार, एडवोकेट ललित शर्मा, हीरल राठौड़, सुशीला सारस्वत, पप्पू सिंह, मनीष तिवाड़ी, ऋषभ राजवंशी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा दिव्यांगजन निदेशालय के उपनिदेशक भगवान सहाय, लक्ष्मण रावत, लक्ष्मी सुराणा, अशोक चौरडिया, दीपक दलेजा, संजय जैन, अंकित जैन, अशोक चांदवाड़, रेणु प्रभाकर, अनिता माथुर, महावीर मीणा, जेकेजे ज्वेलर्स के प्रतिनिधि तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य भी शामिल हुए।

रैली के दौरान राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (आरसीडीएफ) की ओर से सभी प्रतिभागियों को निशुल्क छाछ और लस्सी वितरित की गई। वहीं हरे कृष्ण मूवमेंट, गुप्त वृंदावन धाम, जयपुर के हरिकेश दास ने अतिथियों का स्वागत कर मंदिर का प्रसाद वितरित किया। ज्वैलर दीपक दलेजा की ओर से सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट भी प्रदान की गई।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप का आयोजन मलेशिया में हुआ था, जबकि वर्ष 2027 में इसका आयोजन राजस्थान के सिंघानिया विश्वविद्यालय, पचेरी में किया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि यह प्रतियोगिता पैरा खेलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रति समाज में सम्मान, समान अवसर और सकारात्मक सोच को भी मजबूत करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story