सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत


सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत


जालोर, 11 जून (हि.स.)। जालोर शहर से बागरा जाने वाले मार्ग पर आशापूर्णा लॉ कॉलेज के पास बुधवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कोतवाली थानाधिकारी देवेंद्र कछवाह ने बताया कि रात में बागरा से जालोर की ओर आ रही एक बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। हादसे में आहोर थाना क्षेत्र के सनवाड़ा गांव निवासी मनीष (21) पुत्र रूपाराम मेघवाल तथा उम्मेदपुर निवासी ललित (25) पुत्र कुयाराम मेघवाल गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को निजी वाहनों की सहायता से जालोर के राजकीय अस्पताल ट्रोमा सेंटर पहुंचाया।

वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. प्रकाश बिश्नोई ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। दोनों शवों को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार उम्मेदपुर निवासी ललित मुंबई में कपड़ों की दुकान पर नौकरी करता था। वह तीन दिन पहले ही अपने घर आया था।

बुधवार रात वह अपने मित्र मनीष के साथ घूमने निकला था। इसी दौरान हुए हादसे में दोनों युवकों की जान चली गई। हादसे की खबर से दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story