‘मतदान रो हेलो’ से गूंजेंगी बीकानेर की गलियां, सफाई कार्मिक देंगे मतदान का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
‘मतदान रो हेलो’ से गूंजेंगी बीकानेर की गलियां, सफाई कार्मिक देंगे मतदान का संदेश


बीकानेर, 04 सितंबर (हि.स.)। स्वीप के अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान को व्यापक रूप देने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय से ‘मतदान रो हेलो’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मतदान जागरूकता के संदेश एवं जिंगल्स से लैस नगर निगम के टिपरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये टिपर नगर निगम के सभी 80 वार्डों की गली-मोहल्लों में पहुंचकर आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करेंगे।

टिपरों के माध्यम से शहरवासियों को मतदान की अपील वाले जिंगल्स सुनाए जाएंगे तथा ‘मतदान रो हेलो’ संदेश के जरिए मतदाताओं को लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही, सफाई कार्य में जुटे नगर निगम के कार्मिक भी अपने दैनिक कार्य के दौरान आमजन को मतदान करने का संदेश देंगे।

नगर निगम कार्यालय से स्वीप सह प्रभारी एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई, नगर निगम सचिव जगनमोहन हर्ष, जिला स्वीप समन्वयक प्रशांत जोशी, सह समन्वयक गोपाल जोशी एवं सेनेटरी इंस्पेक्टर श्री कपिल जेदिया ने हरी झंडी दिखाकर टिपरों को रवाना किया। इस अवसर पर स्वीप सह प्रभारी एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई ने कहा कि सफाई कार्मिक शहर के प्रत्येक गली-मोहल्ले तक पहुंचने वाले महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे सफाई कार्य के दौरान आमजन से संवाद करते हुए उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करें तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करें।

जिला स्वीप समन्वयक व राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के सहायक निदेशक प्रशांत जोशी ने टिपर चालकों एवं सफाई कर्मियों को स्वीप के तहत संचालित विभिन्न मतदाता जागरूकता गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टिपरों के माध्यम से मतदान जागरूकता संदेश शहर के प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले तक पहुंचाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक मतदाता मतदान के लिए प्रेरित हों।

नगर निगम की राजस्व अधिकारी प्रगति सोलंकी ने बताया कि नगर निगम कमिश्नर के आदेशानुसार शुक्रवार सुबह सफाई कार्मिकों ने गली मोहल्लों में जकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में नगर निगम सचिव जगनमोहन हर्ष, स्वीप सदस्य गोपाल जोशी, पवन कुमार खत्री, संतोष कुमार, नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर कपिल जेदिया, विश्वदीप जाखड़, नरेश कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं टिपर चालक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story