बीकानेर को मिलेगी 100 करोड़ रुपये की सौगात : 14 अगस्त को मुख्यमंत्री करेंगे पीबीएम की नई मेडिसिन विंग का लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर को मिलेगी 100 करोड़ रुपये की सौगात : 14 अगस्त को मुख्यमंत्री करेंगे पीबीएम की नई मेडिसिन विंग का लोकार्पण


बीकानेर, 01 अगस्त (हि.स.)। प्रिंस बिजय सिंह मेमाेरियल (पीबीएम) अस्पताल के इतिहास में 14 अगस्त का दिन एक नई उपलब्धि के रूप में दर्ज होने जा रहा है। इस दिन 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित अत्याधुनिक मेडिसिन विंग का लोकार्पण मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। नई विंग के शुरू होने से बीकानेर सहित पूरे संभाग के लाखों मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

इस संबंध में सी.एम. मूंधड़ा चैरिटेबल ट्रस्ट, बीकानेर के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 14 अगस्त को दोपहर 3 बजे मेडिसिन विंग के लोकार्पण कार्यक्रम के लिए अपनी सहमति प्रदान की। यह महत्वाकांक्षी परियोजना श्रीमती सी.एम. मूंधड़ा मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई-नापासर द्वारा समाजसेवा की भावना से साकार की गई है।

ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी कन्हैयालाल मूंधड़ा के नेतृत्व में देवकिशन मूंधड़ा, श्रीकिशन मूंधड़ा, द्वारकाप्रसाद मूंधड़ा तथा संतोष कुमार मूंधड़ा ने इस परियोजना को मूर्त रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पचीसिया ने बताया कि लोकार्पण समारोह में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, जिले के विधायक, अन्य जनप्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

करीब 2.89 लाख वर्गफीट क्षेत्र में निर्मित यह मेडिसिन विंग भविष्य की चिकित्सा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित की गई है। इसमें 527 बेड, 9 जनरल वार्ड, 20-20 बेड क्षमता के 3 आईसीयू, 9 बेड का आइसोलेशन वार्ड, 39 सिंगल-बेड कॉटेज, 14 डबल एवं ट्रिपल-बेड कॉटेज, कन्विक्ट वार्ड तथा आर्मी वार्ड जैसी विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा के लिए भवन में 8 डॉक्टर चैंबर, 16 आरओ वाटर बूथ, 232 शौचालय, 91 स्नानघर, 600 सीट क्षमता का प्रतीक्षालय, 150 सीट क्षमता का लेक्चर हॉल, प्रत्येक शौचालय में इमरजेंसी कॉल बेल, अटेंडेंट के लिए पृथक बेड, अत्याधुनिक अग्निशमन प्रणाली, ऑक्सीजन मैनिफोल्ड प्लांट, 165 सीसीटीवी कैमरे, 1250 किलोवाट क्षमता के दो जनरेटर, 76 हजार वर्गफीट पार्किंग क्षेत्र, 7 हजार वर्गफीट कैफेटेरिया क्षेत्र, 4 लिफ्ट, 4 हजार वर्गफीट योगा क्षेत्र तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के दौरान एडवोकेट राजेश लदरेचा, वीरेंद्र किराडू तथा अरविंद चौधरी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story