रोटरी भवन में 30 अक्टूबर से सजेगा चार दिवसीय बीकानेर शॉपिंग मेला

WhatsApp Channel Join Now
रोटरी भवन में 30 अक्टूबर से सजेगा चार दिवसीय बीकानेर शॉपिंग मेला


बीकानेर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली और शादी के सीजन में खरीदारी, खानपान और मनोरंजन का आनंद एक ही जगह लेने का अवसर मिलने जा रहा है।

लोकराग फाउंडेशन एवं रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स के संयुक्त तत्वावधान में श्रीनाथ सॉल्यूशंस बीकानेर शॉपिंग मेला 2026 का आयोजन 30 अक्टूबर से 2 नवंबर तक रोटरी भवन, सादुलगंज में होगा। ड्रीम ल्यूमिना द्वारा प्रस्तुत इस चार दिवसीय मेले का उद्घाटन शुक्रवार, 30 अक्टूबर को दोपहर 12:20 बजे होगा। इसके बाद मेला प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से रात 11 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा। रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स के अध्यक्ष विपिन लड्ढा ने बताया कि मेले का उद्देश्य दीपावली और विवाह के मौसम में लोगों को खरीदारी के विविध विकल्प उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय व्यापार, उद्यमिता और व्यावसायिक संपर्कों को बढ़ावा देना है।

मेले में कपड़े, फैशन एवं एसेसरीज, ज्वेलरी, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, बेकरी उत्पाद, विभिन्न खाद्य सामग्री, ज्योतिष एवं धार्मिक सामग्री, उपहार और अन्य लोकप्रिय श्रेणियों के उत्पादों की स्टॉल लगेंगी। दीपावली पर घर की सजावट, उपहार और दैनिक जरूरतों का सामान खरीदने वालों के साथ शादी की तैयारियों में जुटे परिवारों के लिए भी यहां कई विकल्प रहेंगे। उन्होंने बताया कि मेले में 50 से अधिक शॉपिंग स्टॉल लगाने की योजना है। इसके साथ खानपान के लिए फूड कोर्ट भी रहेगा, जहां लोग खरीदारी के बीच विभिन्न खाद्य पदार्थों का आनंद ले सकेंगे।

लोकराग फाउंडेशन के अध्यक्ष रोटेरियन आनंद आचार्य, आयोजन समन्वयक राजेश पारीक, फाउंडेशन के सचिव विनय थानवी ने बताया कि मेले में खरीदारी के साथ मनोरंजन और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी स्थान दिया गया है। युवाओं के लिए संगीत, गायन और अन्य गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। मेहंदी आर्ट सहित विभिन्न गतिविधियों में भी लोग भाग ले सकेंगे। बच्चों, युवाओं, परिवारों और वरिष्ठजनों को ध्यान में रखते हुए मेले को खरीदारी और मेलजोल का साझा मंच बनाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि मेले में लोग परिवार और मित्रों के साथ समय बिताने के साथ खरीदारी और मनोरंजन का आनंद ले सकेंगे।

आयोजकों ने बताया कि मेले के मुख्य स्पॉन्सर श्रीनाथ सॉल्यूशंस हैं, तथा आयोजन की विशेष सहयोगी ड्रीम ल्यूमिना है। आयोजन के सहयोगियों में करणी कृपा गुरु कृपा हार्डवेयर, एसआईपी वाला, डॉ. एल.सी. बैद चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, बीकानेर फ्रेश – विनोद एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड और गोयमो बेकरी ब्रांड शामिल हैं। तकनीकी एवं अन्य सहयोगियों में भोज एडवरटाइजिंग कंपनी, टेलीकॉपियर, मैक्सटेल बीकानेर, डी.जे. तोमर शामिल हैं। आयोजकों ने सभी प्रायोजकों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।

रोटरी क्लब बीकानेर रॉयल्स के सचिव जगदीप सिंह ओबेरॉय और कोषाध्यक्ष राजेश खत्री ने बताया कि आयोजन की तैयारियों में क्लब के सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हैं। लोकराग फाउंडेशन की टीम में अध्यक्ष रोटेरियन आनंद आचार्य, सचिव विनय थानवी, कोषाध्यक्ष योगेश खत्री और निदेशक नरेश मारू आयोजन से जुड़े हैं।

आयोजकों ने बीकानेरवासियों से परिवार और मित्रों के साथ मेले में पहुंचने की अपील की है। रोटरी भवन, सादुलगंज में 30 अक्टूबर से शुरू होने वाला बीकानेर शॉपिंग मेला 2 नवंबर तक चलेगा। उद्घाटन शुक्रवार को दोपहर 12:20 बजे होगा, जबकि आमजन के लिए मेले का दैनिक समय दोपहर 1 बजे से रात 11 बजे तक निर्धारित है। मेले में खरीदारी, खानपान, मनोरंजन और व्यावसायिक गतिविधियों का आनंद लिया जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767604 Articles

Share this story