बीकानेर रेंज में अपराध समीक्षा बैठक, डीजीपी ने नशे व गंभीर अपराधों पर सख्ती के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर रेंज में अपराध समीक्षा बैठक, डीजीपी ने नशे व गंभीर अपराधों पर सख्ती के दिए निर्देश


बीकानेर, 02 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को बीकानेर रेंज में उच्चस्तरीय अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महानिदेशक पुलिस (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा ने की, जिसमें रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।

बीकानेर स्थित मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल सभागार में आयोजित बैठक में रेंज आईजी ओमप्रकाश सहित बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और चूरू जिलों के पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत में आईजी ओमप्रकाश ने रेंज की समग्र आपराधिक स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक के दौरान डीजीपी ने एनडीपीएस, आबकारी एवं आर्म्स एक्ट के तहत की गई कार्रवाई की जिलेवार समीक्षा की। उन्होंने सीमावर्ती जिलों में अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने और हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही गंभीर अपराधों की प्रभावी मॉनिटरिंग और निरंतर फॉलोअप सुनिश्चित करने पर जोर दिया। डीजीपी ने नशे के खिलाफ अभियान को और तेज करने के निर्देश देते हुए एनटीएफ और जिला पुलिस के समन्वय से कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सभी पुलिस अधीक्षकों को सप्ताह में एक दिन विशेष ड्रग्स विरोधी अभियान चलाने के निर्देश दिए।

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए उन्होंने ड्रंक एंड ड्राइव तथा ओवर स्पीडिंग के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश दिए। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट के तहत की जा रही कार्रवाई की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर देते हुए गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने को भी कहा। इसके अतिरिक्त साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए तकनीकी दक्षता बढ़ाने, महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा पुलिसिंग के आधुनिकीकरण पर विशेष बल दिया गया। युवा शक्ति के सकारात्मक उपयोग के लिए ‘युवा सीएलजी’ गठन का सुझाव भी दिया गया।

बैठक में एडीजी क्राइम बिपिन पांडे, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story