बीकानेर रेल मंडल 9 से 17 अगस्त तक मनाएगा हर घर तिरंगा अभियान
बीकानेर, 08 अगस्त (हि.स.)। देशभर में आजादी के अमृतकाल के अंतर्गत आयोजित हर घर तिरंगा अभियान-2026 में बीकानेर रेल मंडल द्वारा 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
मंडल पर 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित हर घर तिरंगा अभियान-2026 सभी स्टेशनों, कार्यशाला, रेलवे सुरक्षा बल आदि में अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। उक्त महत्वपूर्ण स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर मंडल के स्टेशनों को तिरंगे की थीम पर आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। साथ ही प्रमुख स्टेशनों पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की वाद्य धुन प्रसारित की जाएगी।
मंडल सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ यात्रियों एवं आम नागरिकों को अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा सेल्फी विद तिरंगा अभियान में भाग लेकर हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपनी सहभागिता दर्ज कराने के लिए प्रेरित करता है।
बीकानेर रेल मंडल का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को नमन करते हुए प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

