जनरल कोच में यात्रियों के बीच पहुंचे बीकानेर एडीआरएम, सुविधाओं और समस्याओं का लिया फीडबैक

WhatsApp Channel Join Now
जनरल कोच में यात्रियों के बीच पहुंचे बीकानेर एडीआरएम, सुविधाओं और समस्याओं का लिया फीडबैक


बीकानेर, 11 नवंबर (हि.स.)। छठ पूजा त्योहार के दौरान ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए बीकानेर मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं प्रभावी भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अंतर्गत रेलवे अधिकारियों द्वारा ट्रेनों एवं स्टेशनों पर व्यवस्थाओं का लगातार जायजा लिया जा रहा है।

इसी क्रम में आज अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेन्द्र सिंह चौधरी ने गाड़ी संख्या 12260 दुरंतो एक्सप्रेस (बीकानेर–सियालदह) एवं गाड़ी संख्या 15910 अवध असम एक्सप्रेस (लालगढ़–डिब्रूगढ़) का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रेनों के जनरल कोच में पहुंचकर यात्रियों से सीधा संवाद किया तथा त्योहारों के दौरान यात्रा के अनुभव, उपलब्ध यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं एवं यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों से उनकी अपेक्षाओं एवं सुझावों के बारे में भी चर्चा की तथा रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों द्वारा जनरल कोच में पहुंचकर सीधे संवाद करने और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुनने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक ने रेलवे स्क्वॉड एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों के साथ भी सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, ट्रेनों में भीड़ नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तथा यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराने के लिए रेलवे स्क्वॉड एवं आरपीएफ द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अपर मंडल रेल प्रबंधक ने सुरक्षा कर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए।

अपर मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षित एवं सुगम यात्रा तथा भीड़ के प्रभावी प्रबंधन के लिए सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने एवं स्टेशनों तथा ट्रेनों में आवश्यक व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी रखने पर जोर दिया।

बीकानेर मंडल द्वारा त्योहारों के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर सहायक सुरक्षा आयुक्त कैलाश चन्द्र ढिल्लौर, आईपीएफ उषा निरंकारी सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775332 Articles

Share this story