आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों का सार्वजनिक अभिनंदन
बीकानेर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दिनांक 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ के तहत लोहिया में आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों के सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण के कार्यों की सराहना करते हुए उनका सार्वजनिक अभिनंदन किया।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा दीदियां समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे महिला एवं बाल स्वास्थ्य, पोषण, मातृ-शिशु देखभाल तथा जनजागरूकता के क्षेत्र में निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएं प्रदान कर रही हैं। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में घर-घर तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करवाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इन कर्मठ कार्यकर्ताओं का समर्पण एवं सेवाभाव समाज के लिए प्रेरणादायी है। इनके योगदान को सम्मान देना तथा इनके मनोबल को बढ़ाना हम सभी का दायित्व है। ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ के माध्यम से इनकी सेवाओं को सार्वजनिक पहचान एवं सम्मान प्रदान करने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों का अभिनंदन कर उनके द्वारा किए जा रहे जनसेवा के कार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही, समाज के सर्वांगीण विकास एवं जनकल्याण के कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

