बीकानेर ऊंट उत्सव 8 से 10 जनवरी तक

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर ऊंट उत्सव 8 से 10 जनवरी तक


बीकानेर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। बीकानेर में अंतरराष्ट्रीय ऊंट उत्सव का आयोजन 8 से 10 जनवरी 2027 तक होगा। उत्सव में देशी और विदेशी पर्यटकों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए इस बार नए नवाचारों के साथ भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके वैश्विक प्रचार के लिए पारंपरिक माध्यमों के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी उपयोग किया जाएगा।

जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने शुक्रवार को जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में उत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इसकी रूपरेखा जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऊंट उत्सव बीकानेर को विशिष्ट पहचान दिलाने वाला आयोजन है। इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ पर्यटकों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जिला कलेक्टर ने बताया कि उत्सव से पहले 7 और 8 जनवरी को ग्रामीण हाट में बीकानेरी भुजिया महोत्सव आयोजित किया जाएगा। उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की ओर से होने वाले इस आयोजन में भुजिया निर्माण, पैकेजिंग और विपणन का प्रायोगिक प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसमें भुजिया व्यापारियों और निर्माताओं को आमंत्रित करने के साथ भुजिया उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद भी होगा।

बैठक में शहर की ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण पर भी चर्चा हुई। जिला कलक्टर ने नगर निगम की हेरिटेज सेल शीघ्र शुरू करने और इससे संबंधित उपविधियों को जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटकों की सुविधा के लिए शहर में होम स्टे और गेस्ट हाउस की उपलब्धता बढ़ाने सहित पर्यटन विकास से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा की। पर्यटन विभाग के उपनिदेशक कृष्ण कुमार ने जिले के पर्यटन परिदृश्य और भावी योजनाओं की जानकारी दी।

बैठक में नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक महेश व्यास सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story