बीकानेर में 180 दिव्यांगजनों को लगाए इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ

WhatsApp Channel Join Now
बीकानेर में 180 दिव्यांगजनों को लगाए इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ


बीकानेर, 02 सितंबर (हि.स.)। मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म मानते हुए रोटरी क्लब बीकानेर की ओर से इनाली फाउंडेशन पुणे, रोटरी क्लब ऑफ पुणे तथा आचार्य श्री नानेश रोटरी नेत्र चिकित्सालय गंगाशहर के सहयोग से स्वर्गीय सुन्दर देवी डागा की स्मृति में दो दिवसीय निःशुल्क इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ शिविर आयोजित किया गया।

रोटरी क्लब बीकानेर के अध्यक्ष रोटेरियन प्रवीण गुप्ता ने बुधवार को पत्रकार सम्मेलन में पूर्व प्रांतपाल राजेश चूरा की मौजूदगी में शिविर की जानकारी दी। इस अवसर पर सचिव रोटेरियन कुनाल कोचर, आरपी बालेचा, फाउंडेशन के सीएसआर प्रबंधक शम्मी लकड़ा, गौतम और प्रदीप मुणोत मौजूद रहे। गुप्ता ने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जरूरतमंद के जीवन में आत्मविश्वास लौटाना ही सच्ची मानव सेवा है। रोटरी क्लब भविष्य में भी ऐसे सेवा प्रकल्प जारी रखेगा।

सचिव कुनाल कोचर ने बताया कि शिविर के प्रथम दिन करीब 180 जरूरतमंद दिव्यांगजनों को आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ लगाए गए। विशेषज्ञों की टीम ने प्रत्येक लाभार्थी की आवश्यकता के अनुसार जांच और माप लेकर कृत्रिम हाथ उपलब्ध करवाए तथा उनके उपयोग एवं संचालन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह सेवा प्रकल्प दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सम्मानजनक जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास है। कृत्रिम हाथ प्राप्त करने वाले लाभार्थियों और उनके परिजनों में उत्साह और खुशी देखने को मिली।

रोटरी क्लब की ओर से बताया गया कि जरूरतमंद वर्ग तक ऐसी सेवाएं पहुंचाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है, जिनसे उनके जीवन में वास्तविक और स्थायी बदलाव आए। इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ शिविर इसी उद्देश्य की महत्वपूर्ण कड़ी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story