नशे के खिलाफ बीकानेर में दौड़े युवा और पुलिसकर्मी

WhatsApp Channel Join Now
नशे के खिलाफ बीकानेर में दौड़े युवा और पुलिसकर्मी


नशे के खिलाफ बीकानेर में दौड़े युवा और पुलिसकर्मी


बीकानेर, 13 सितंबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देने के लिए रविवार तड़के बीकानेर में ‘बीकानेर अगेंस्ट ड्रग्स रन’ का आयोजन किया गया। बीकानेर रन क्लब और बीकानेर पुलिस की ओर से आयोजित रन में बड़ी संख्या में युवाओं के साथ पुलिस अधिकारियों और जवानों ने भी भाग लिया।

रन में प्रतिभागियों ने ढाई किलोमीटर, पांच किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दूरी तय की। सुबह करीब पांच बजे से जूनागढ़ में प्रतिभागियों का पहुंचना शुरू हो गया था। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा और सीओ सिटी अनुज डाल ने भी रन में हिस्सा लिया।

पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देने के लिए इस बार रन को समर्पित किया गया।

बीकानेर रन क्लब के संस्थापक इशान शर्मा ने बताया कि क्लब की ओर से प्रत्येक रविवार रन आयोजित की जाती है। इस रविवार की रन को नशे के खिलाफ जागरूकता के लिए समर्पित किया गया था। इसमें युवाओं के साथ पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, सीओ सिटी अनुज डाल सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी शामिल हुए।

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस के साथ समाज और युवाओं की भागीदारी भी जरूरी है। खेल और फिटनेस जैसी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा से जोड़कर नशे से दूर रहने का संदेश दिया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story